कारगिल विजय दिवस 2025: बॉलीवुड सितारों ने कारगिल के वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 12:07 PM (IST)

नारी डेस्क:  हर साल 26 जुलाई को देशभर में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1999 में हुए कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों की याद में समर्पित है। इस साल 2025 में भी बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने कारगिल के शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

अक्षय कुमार का संदेश

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "उन सभी वीरों को श्रद्धांजलि, जिन्होंने हमें ये आजादी, ये गर्व और ये शांति दी। जय हिंद।" अक्षय कुमार का यह संदेश देशभक्ति से भरपूर था और उन्होंने शहीदों के बलिदान को सलाम किया।

सुनील शेट्टी ने भी किया नमन

बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, "युद्ध भले ही इतिहास बन गया हो, लेकिन उनकी वीरता अमर है। कारगिल की पहाड़ियों पर गूंजते साहस को मेरा सलाम। उन सच्चे वीरों के हम हमेशा ऋणी रहेंगे जिन्होंने हमें जीत दिलाई और तिरंगे को खून, धैर्य और गौरव से ऊपर रखा। जय हिंद।"

अनुपम खेर की श्रद्धांजलि

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने भी इस दिन को याद किया। उन्होंने अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "कारगिल दिवस पर भारतीय सेना को सलाम करती है। जय हिंद!" अनुपम खेर ने अपने संदेश में देशभक्ति का जज्बा दर्शाया।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

हाल ही में पिता बने बॉलीवुड स्टार सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी कारगिल युद्ध के शहीदों को याद किया। उन्होंने कैप्टन विक्रम बत्रा और अन्य वीर सैनिकों की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर साझा कीं और लिखा, "उन अनगिनत बहादुर दिलों को नमन जिन्होंने हमारी सुरक्षा और चैन की नींद के लिए अपनी जान दी। आपकी शहादत हमारे देश की हर धड़कन में जिंदा है।" सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 2021 में आई फिल्म ‘शेरशाह’ में कैप्टन विक्रम बत्रा का रोल निभाया था, जिसने इस वीर सैनिक की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत किया था।

कारगिल विजय दिवस का महत्व

कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1999 में भारत ने कारगिल युद्ध में विजय हासिल की थी। इस युद्ध में भारतीय सेना ने दुश्मन के घुसपैठियों को देश से बाहर कर दिया था। यह दिन हमें अपने बहादुर सैनिकों की शहादत और देशभक्ति की याद दिलाता है।

इस कारगिल विजय दिवस पर बॉलीवुड के ये सितारे अपने-अपने अंदाज में देशभक्ति का जज्बा जगाते हुए शहीदों को याद कर रहे हैं और हम सबको भी गर्व महसूस कराते हैं कि हम भारतीय हैं।  
    

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static