बच्चे की अंगूठा चूसने की आदत से परेशान हैं तो अपनाएं डॉक्टर के बताए ये तरीके
punjabkesari.in Thursday, Jul 24, 2025 - 03:56 PM (IST)

नारी डेस्क: अक्सर आपने देखा होगा कि कुछ छोटे बच्चे बार-बार अंगूठा चूसते हैं। शुरुआत में यह आदत सामान्य मानी जाती है लेकिन जब यह बहुत समय तक बनी रहती है तो माता-पिता परेशान हो जाते हैं और सोचते हैं कि इसे कैसे छुड़ाया जाए। इसी विषय पर चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. निमिषा अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने इस आदत के पीछे की वजह और इससे निपटने के 3 असरदार तरीके बताए हैं। तो चलिए विस्तार से जानते हैं कि यह आदत क्यों होती है और इसे छुड़ाने के आसान उपाय क्या हैं।
अंगूठा चूसना क्यों करते हैं छोटे बच्चे?
डॉ. अरोड़ा कहती हैं कि हर बच्चा जब जन्म लेता है तो वह एक प्राकृतिक सकिंग रिफ्लेक्स (Natural Sucking Reflex) के साथ आता है। यही वजह है कि पहले साल में बच्चे का अंगूठा चूसना एक सामान्य व्यवहार होता है। बच्चा ऐसा इसलिए करता है क्योंकि वह खुद को शांत (Calm) और सुरक्षित (Safe) महसूस कराना चाहता है। इसे मेडिकल भाषा में सेल्फ-सूथिंग (Self-Soothing) कहा जाता है।
कितनी उम्र तक यह आदत सामान्य मानी जाती है?
डॉ. अरोड़ा के अनुसार, अगर बच्चा एक साल का है और अंगूठा चूसता है तो इसमें चिंता की कोई बात नहीं होती। अक्सर देखा गया है कि 2 से 4 साल की उम्र में यह आदत अपने आप छूट जाती है। लेकिन अगर बच्चा 3 साल से ज्यादा उम्र का हो गया है और फिर भी लगातार अंगूठा चूस रहा है तो उस स्थिति में माता-पिता को कुछ उपाय अपनाने की ज़रूरत होती है।
ये भी पढ़े: शिशु के सीने में जमा हो गया है कफ! ये 7 उपाय दिलाएंगे आराम
कैसे छुड़वाएं अंगूठा चूसने की आदत?
बार-बार टोकना बंद करें
यह सबसे पहला और जरूरी कदम है। अगर आप हर बार बच्चे को टोकेंगे, डांटेंगे या चिल्लाएंगे तो उसे लगेगा कि मम्मी-पापा उसे ध्यान दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में वह ये आदत और ज्यादा बार दोहराने लगेगा। इसलिए बच्चे को शांत और प्यार से समझाएं, लेकिन बार-बार टोका-टोकी न करें।
अच्छा व्यवहार करने पर दें इनाम
अगर बच्चा कुछ समय तक अंगूठा नहीं चूसता तो उसे रिवॉर्ड (इनाम) देना चाहिए। लेकिन ये इनाम चॉकलेट, चिप्स या मिठाई जैसी चीज़ें नहीं होनी चाहिए। बल्कि कुछ ऐसा होना चाहिए जो भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाए, जैसे उसके साथ 15 मिनट ज्यादा खेलना, एक एक्स्ट्रा कहानी सुनाना, साथ में कोई एक्टिविटी करना जो उसे पसंद हो, इससे बच्चे को अच्छा महसूस होगा और वह आगे भी कोशिश करेगा।
प्यार से दिलाएं याद (जेंटल रिमाइंडर)
अगर बच्चा बार-बार भूल जाता है और अंगूठा चूसने लगता है, तो उसे प्यार से याद दिलाना जरूरी है कि ये अब सही आदत नहीं है। डॉ. अरोड़ा बताती हैं कि आप बच्चे को थंब गार्ड्स (Thumb Guards), सॉफ्ट मिटेन्स (Soft Mittens) या हल्के दस्ताने (Gloves) पहनाकर धीरे-धीरे इस आदत से दूर कर सकते हैं।
अंगूठा चूसना एक सामान्य आदत है जो ज़्यादातर बच्चों में देखी जाती है। माता-पिता को घबराने की नहीं, बल्कि समझदारी और धैर्य से काम लेने की जरूरत है। अगर आपके बच्चे में भी यह आदत है तो इन तरीकों को अपनाकर आप उसे धीरे-धीरे इस आदत से बाहर निकाल सकते हैं बिना किसी गुस्से या दबाव के।