बच्चों का दोस्त बनने के लिए पेरेंट्स अपनाएं ये 7 तरीके, रिश्ता बना रहेगा मजबूत

punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 05:56 PM (IST)

नारी डेस्क: माता-पिता बच्चे को जन्म देने के साथ-साथ उनके पहले शिक्षक और मार्गदर्शक भी होते हैं। बच्चे बोलना, चलना, और सोचने का तरीका सबसे पहले अपने पेरेंट्स से ही सीखते हैं। लेकिन जैसे-जैसे बच्चे बड़े होते हैं, वे कई बार माता-पिता से बातें छिपाने लगते हैं, जिससे दोनों के बीच एक भावनात्मक दूरी आ जाती है। इसलिए जरूरी है कि माता-पिता बच्चों से एक दोस्त की तरह व्यवहार करें, जिससे बच्चे खुलकर अपनी बातें शेयर करें और किसी भी परेशानी में सबसे पहले अपने पेरेंट्स की ही सलाह लें। आइए जानें कैसे आप अपने बच्चे के साथ दोस्ताना रिश्ता बना सकते हैं।

बच्चों की भावनाओं को समझें, सिर्फ आदेश न दें

अक्सर पेरेंट्स बच्चों को केवल आदेश देने या गलती पर डांटने की आदत डाल लेते हैं। लेकिन यह तरीका बच्चे को आपसे दूर कर सकता है।  उदाहरण के लिए,  अगर किसी परीक्षा में बच्चे के नंबर कम आए हैं तो उस पर गुस्सा करने की बजाय उसकी बात को सुनें। उसके पीछे की वजह समझें—क्या वह किसी तनाव में था, क्या उसे पढ़ाई समझ में नहीं आ रही थी? जब बच्चे को यह एहसास होगा कि आप उसे डांटने के बजाय समझना चाहते हैं, तो वह खुद ही आपसे अपनी बातें शेयर करने लगेगा।

PunjabKesari                                                                                                                                                                                                                                                                               

बच्चों के साथ समय बिताना बहुत जरूरी है                                                                                   

आज के व्यस्त जीवन में माता-पिता के पास अपने बच्चों के लिए समय निकालना मुश्किल हो गया है। लेकिन बच्चों की जिंदगी में आपकी मौजूदगी बहुत मायने रखती है। आप बच्चों के साथ उनकी पसंद की एक्टिविटीज करें—जैसे उनके साथ वीडियो गेम खेलना, मूवी देखना, शाम की वॉक पर जाना, या शॉपिंग पर ले जाना। इससे आप दोनों का रिश्ता मजबूत होता है और बच्चे को भी ये महसूस होता है कि आप उसके साथ समय बिताना पसंद करते हैं।

ये भी पढ़े: बच्चों में डायरिया को न करें नजरअंदाज, समय पर करे ये जरूरी इलाज

बच्चों की राय को अहमियत दें

बच्चों की भी अपनी सोच और नजरिया होता है। अगर आप उन्हें हर समय अपनी बात थोपते हैं, तो वे खुद के फैसले लेने से डरने लगेंगे। जैसे अगर उन्हें स्कूल में कोई विषय (subject) चुनना है, तो उनकी राय जरूर पूछें। इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और उन्हें अपनी बात रखने का साहस मिलेगा। जब आप उनकी राय को महत्व देंगे, तो वह भी आपको गंभीरता से लेना सीखेंगे।

सजा देने के बजाय समझाएं

बच्चे गलतियां करते हैं, यह स्वाभाविक है। लेकिन हर गलती पर डांटना या सजा देना उन्हें डरपोक बना सकता है। इससे वे अपनी गलतियों को छिपाने लगते हैं। इसलिए जब भी बच्चा कोई गलती करे, तो उसे प्यार से समझाएं कि उसने क्या गलती की, और उससे क्या नुकसान हो सकता था। उसे यह भी बताएं कि इस गलती से क्या सीखा जा सकता है।

PunjabKesari

बच्चे पर भरोसा जताएं

अगर बच्चा आपसे कुछ शेयर करता है, तो उसकी बात को ध्यान से सुनें और उसे यह भरोसा दिलाएं कि आप उस पर विश्वास करते हैं। जब बच्चों को यह महसूस होता है कि उनके माता-पिता उन पर भरोसा करते हैं, तो वे झूठ नहीं बोलते और गलत संगत से भी बचते हैं।

बच्चों के दोस्तों और उनकी हॉबीज को जानें

अगर आप चाहते हैं कि बच्चा आपके करीब रहे, तो आपको उसके दोस्तों और पसंद-नापसंद के बारे में जानना चाहिए। आप उससे बातचीत में पूछ सकते हैं कि वह किन दोस्तों के साथ समय बिताता है, उसे कौन-से म्यूजिक पसंद हैं, कौन-से गेम्स खेलना अच्छा लगता है, या सोशल मीडिया पर क्या देखना पसंद करता है। जब आप इन बातों में दिलचस्पी लेंगे, तो जनरेशन गैप की दूरी भी कम हो जाएगी और बच्चे आपको ज्यादा करीब मानेंगे।

वीकेंड पर बच्चों को बाहर घुमाने ले जाएं

सप्ताहांत (वीकेंड) पर बच्चे को किसी नई जगह घुमाने ले जाएं—जैसे पार्क, म्यूज़ियम, पिकनिक स्पॉट या किसी रेस्टोरेंट। इससे बच्चा न सिर्फ नई चीजें एक्सप्लोर करेगा, बल्कि आपके साथ क्वालिटी टाइम भी बिता पाएगा। यह उनके मानसिक विकास के लिए भी अच्छा होता है और आप दोनों के बीच मजबूत रिश्ता बनता है।

माता-पिता और बच्चों के रिश्ते में प्यार, विश्वास और संवाद सबसे जरूरी चीजें होती हैं। अगर आप अपने बच्चे के साथ दोस्त जैसा रिश्ता बनाएंगे, तो वह जीवन के हर उतार-चढ़ाव में सबसे पहले आपके पास ही आएगा। इसलिए गुस्से और डांट की जगह समझदारी और संवेदनशीलता अपनाएं।





 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static