RCB के क्रिकेटर यश दयाल को हो सकती है 10 साल की जेल, यौन शोषण का लगा है आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 12:57 PM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय क्रिकेटर यश दयाल फिलहाल बड़ी मुसीबत में फंसे हुए नजर आ रहे हैं। उन पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 69 के तहत FIR दर्ज की गई है। यह धारा गैर-जमानती है, यानी इसके तहत आरोपी को जमानत मिलना मुश्किल होता है। सूत्रों के अनुसार, इस धारा के तहत यश दयाल को 10 साल तक की सजा भी हो सकती है।

पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक लड़की ने यश दयाल के खिलाफ आरोप लगाया है कि उन्होंने शादी का झांसा देकर उसका आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया है। पीड़िता का कहना है कि यश दयाल ने शादी का झूठा वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट, वीडियो कॉल और फोटो जैसे कई सबूत भी दिए हैं, जिन्हें पुलिस फिलहाल जांच रही है।

पुलिस की जांच और संभावित कार्रवाई

हालांकि, अभी तक पुलिस ने यश दयाल पर लगे आरोपों की जांच शुरू नहीं की है। पुलिस की कार्रवाई तभी शुरू होगी जब पीड़िता का मेडिकल टेस्ट होगा और वह मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराएगी। जांच के दौरान यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यश दयाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

PunjabKesari

यदि यश दयाल दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें IPC की धारा 69 के तहत 10 साल तक की सजा हो सकती है। यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है।

ये भी पढ़े: रील बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर लेटा 12 साल का लड़का, वीडियो देख कांपी ओडिशा पुलिस

पीड़िता के दावे और शिकायतें

पीड़िता गाजियाबाद के इंदिरापुरम की रहने वाली बताई जा रही है। उसने पुलिस में बताया कि वह यश दयाल के साथ पिछले 5 सालों से रिलेशनशिप में थी। पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि यश दयाल के परिवार वालों ने भी उसे शादी का आश्वासन दिया था और उसका यश दयाल के घर आना-जाना लगा रहता था।

अब तक यश दयाल या उनके परिवार की तरफ से इस मामले में कोई बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी या सफाई नहीं दी गई है। पीड़िता ने सबसे पहले 14 जून को महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन वहां से कोई कार्रवाई न होने पर उसने 21 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static