छींकते, खांसते या कूदते समय निकल जाता है यूरिन? जानें इसके कारण और बचाव के आसान तरीके
punjabkesari.in Wednesday, Apr 23, 2025 - 01:07 PM (IST)

नारी डेस्क: कई बार ऐसा होता है कि एक छोटी सी छींक या अचानक कूदने पर यूरिन लीक हो जाता है। यह समस्या विशेष रूप से महिलाओं में आम देखी जाती है और इससे शर्मिंदगी भी हो सकती है। इस समस्या को यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस कहा जाता है, जो पेल्विक फ्लोर मसल्स के कमजोर होने के कारण होती है। हालांकि यह पुरुषों में भी हो सकती है, लेकिन महिलाओं में यह अधिक पाई जाती है। इस बीमारी के दौरान, शरीर में स्टोर यूरिन अचानक से बाहर आ जाता है, खासकर छींकने या हंसने के दौरान और इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। यदि आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो इससे छुटकारा पाने के लिए कुछ उपाय अपनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं इसके कारण और बचाव के उपाय।
यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस के कारण
यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस समस्या महिलाओं में आमतौर पर उम्र बढ़ने के साथ बढ़ जाती है। यह मुख्य रूप से 30 से 35 साल की उम्र के बाद देखी जाती है। इसके कई कारण हो सकते हैं
प्रसव (Childbirth): बच्चे की डिलीवरी के बाद, महिला के शरीर के निचले हिस्से की मसल्स कमजोर हो जाती हैं, खासकर अगर बच्चे का वजन ज्यादा हो या डिलीवरी के दौरान मसल्स पर ज्यादा दबाव पड़ा हो।
मोटापा और डायबिटीज: वजन अधिक होने या डायबिटीज की समस्या के कारण भी यह समस्या उत्पन्न हो सकती है।
मांसपेशियों का कमजोर होना: महिलाओं की पेल्विक फ्लोर मसल्स में कमजोरी, जो प्रेगनेंसी के बाद या उम्र बढ़ने के साथ हो सकती है।
ये भी पढ़े: हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं है गुनगुना पानी! जानें किन लोगों को करना चाहिए अवॉयड
यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस के लक्षण
बार-बार पेशाब आना: अक्सर बहुत अधिक पेशाब की इच्छा होना।
कूदने, हंसने, छींकने या खांसने पर यूरिन लीक होना: यह सबसे सामान्य लक्षण है।
त्वचा पर जलन महसूस होना: कभी-कभी पेशाब के दौरान जलन भी हो सकती है।
यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस से बचाव
इस समस्या से बचने के लिए पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज बेहद मददगार साबित हो सकती हैं। इन एक्सरसाइज से पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों को मजबूत किया जा सकता है, जिससे यूरिन लीक होने की समस्या कम हो सकती है।
शॉर्ट स्क्वीज: यह एक्सरसाइज पेल्विक मसल्स को संकुचित कर देती है, जिससे लीकिंग में कमी आती है।
लॉन्ग स्क्वीज: इसमें मसल्स को कुछ देर के लिए संकुचित करके रखा जाता है।
इन एक्सरसाइज को नियमित रूप से करने से पेल्विक फ्लोर मसल्स मजबूत होती हैं और इस समस्या से निजात पाई जा सकती है।
यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस एक आम समस्या है, लेकिन इससे निपटने के लिए सही उपाय और एक्सरसाइज की मदद से इसे कम किया जा सकता है। अगर आप इस समस्या से परेशान हैं, तो पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, और अगर समस्या बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लें।