AC से निकलकर सीधे धूप में जाना पड़ सकता है भारी, बढ़ रहा ब्रेन हैमरेज का खतरा
punjabkesari.in Saturday, May 17, 2025 - 09:59 AM (IST)

नारी डेस्क: गर्मियों में चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी से बचने के लिए लोग एयर कंडीशनर (AC) का खूब इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो एसी में बैठने के बाद अचानक धूप में निकलना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसा करना शरीर पर गंभीर असर डाल सकता है और इससे ब्रेन हैमरेज (Brain Hemorrhage) का खतरा भी बढ़ सकता है।
जमशेदपुर में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
अप्रैल महीने में जमशेदपुर के एक अस्पताल में सिर्फ तीन दिनों (72 घंटे) के भीतर ब्रेन स्ट्रोक के 29 मामले सामने आए। ये सभी मरीज लंबे समय तक एसी में रहने के बाद अचानक धूप में निकले थे। डॉक्टरों ने पाया कि तापमान में अचानक हुए इस बदलाव से मरीजों की ब्लड प्रेशर में असंतुलन हुआ, जिससे ब्रेन स्ट्रोक या हैमरेज जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।
एसी से धूप में जाते ही क्यों होता है खतरा?
जब कोई व्यक्ति लम्बे समय तक एसी में रहता है तो शरीर का तापमान ठंडे वातावरण के हिसाब से ढल जाता है। ऐसे में यदि अचानक व्यक्ति तेज और गर्म धूप में निकलता है, तो शरीर को इस बदलाव को झेलने में परेशानी होती है। इससे ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ या घट सकता है, और यही स्थिति ब्रेन हैमरेज या स्ट्रोक का कारण बन जाती है।
ये भी पढ़ें: खून की कमी के 5 खतरनाक संकेत, इन्हें हल्के में लेना पड़ सकता है भारी
किन लोगों को सबसे ज़्यादा खतरा?
विशेषज्ञों का कहना है कि यह खतरा हर किसी को हो सकता है, लेकिन निम्नलिखित लोग अधिक संवेदनशील होते हैं-
50 साल से अधिक उम्र के लोग
डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या शुगर से पीड़ित लोग
जिनका इम्यून सिस्टम कमजोर है
जो व्यक्ति धूप में जल्दी बाहर निकलते हैं बिना तैयारी के
इनमें से अधिकांश मरीजों को एसी से बाहर आने के बाद 10–15 मिनट के अंदर ही लक्षण महसूस होने लगे थे।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
इस मामले की निगरानी कर रहे डॉ का कहना है कि, "AC से सीधे तेज धूप में जाना जानलेवा हो सकता है। शरीर को दोनों तापमानों के बीच ढलने के लिए समय देना बेहद जरूरी है।" वे सलाह देते हैं कि-AC से निकलते ही सीधे धूप में न जाएं, या तेज धूप से आकर तुरंत AC में न बैठें। हमेशा कुछ समय सामान्य तापमान में बिताएं ताकि शरीर को अनुकूलता मिल सके।
ब्रेन हैमरेज क्या होता है?
ब्रेन हैमरेज यानी मस्तिष्क में रक्तस्राव। यह तब होता है जब ब्रेन की किसी नस में रक्त का रिसाव या फटन होती है। इसके कारण मस्तिष्क के हिस्से में रक्त प्रवाह रुक जाता है, जिससे व्यक्ति की जान तक जा सकती है। यह स्थिति खासकर हाई ब्लड प्रेशर और तापमान के अचानक बदलाव से उत्पन्न होती है।
ये भी पढ़ें: शरीर की इन 5 जगहों पर भूलकर भी न बनवाएं Tattoo, बाद में पछतावा और स्किन को होगा नुकसान
ब्रेन हैमरेज के लक्षण
चेहरे, हाथ या पैर में अचानक सुन्नपन
बोलने या समझने में कठिनाई
तेज और अचानक सिरदर्द
उल्टी और जी मिचलाना
शरीर में जकड़न या कमजोरी
खतरे से कैसे बचें? अपनाएं ये उपाय
AC से निकलने के बाद तुरंत धूप में न जाएं – पहले सामान्य तापमान में बैठें।
धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढकें – टोपी, स्कार्फ या छाता इस्तेमाल करें।
पर्याप्त पानी पिएं – शरीर को हाइड्रेटेड रखें।
हल्के और ढीले कपड़े पहनें – शरीर को गर्मी से बचाने के लिए।
बीपी और डायबिटीज के मरीज सतर्क रहें – नियमित जांच कराते रहें।
गर्मियों में राहत के लिए AC का इस्तेमाल करना गलत नहीं है, लेकिन उससे जुड़ी सावधानियां न बरतना जानलेवा हो सकता है। शरीर को तापमान के बदलाव के साथ तालमेल बिठाने के लिए थोड़ा समय और समझदारी जरूरी है। इसलिए अपनी आदतों में थोड़े से बदलाव कर आप खुद को और अपने अपनों को एक बड़े खतरे से बचा सकते हैं।