National Dengue Day 2025: क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय डेंगू दिवस? जाने इससे बचने के प्रभावी उपाय
punjabkesari.in Friday, May 16, 2025 - 02:54 PM (IST)

नारी डेस्क: गर्मी और बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। हर गली, हर मोहल्ले में मच्छर परेशान करते हैं और इसी दौरान कई बीमारियां भी फैलती हैं। इनमें से एक सबसे खतरनाक बीमारी है डेंगू। यह एक वायरल बीमारी है जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है।
क्यों मनाते हैं 'राष्ट्रीय डेंगू दिवस'? और डेंगू के लक्षण क्या है?
हर साल 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद है लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक करना ताकि वे समय पर सतर्क हो सके और सही कदम उठा सकें। डेंगू होने पर व्यक्ति को कुछ खास लक्षण दिखाई देते हैं तेज बुखार, सिरदर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते, कमजोरी, अगर समय पर इलाज न हो तो रक्त में प्लेटलेट्स की संख्या बहुत कम हो सकती है और स्थिति गंभीर हो सकती है।
सरकार की अपील और कदम
देश की केंद्र और राज्य सरकारें डेंगू से लड़ने के लिए लगातार कदम उठा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि स्वच्छता और सतर्क जीवनशैली से ही डेंगू को हराया जा सकता है। उन्होंने कहा,“डेंगू एक गंभीर बीमारी है, लेकिन स्वच्छता के नियमों का पालन करके इससे बचा जा सकता है। आइए, इस राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि साफ-सुथरे माहौल और जागरूक जीवनशैली को अपनाकर समाज को सुरक्षित बनाएंगे।”
ये भी पढ़े: दिल में सूजन होने पर दिखते हैं ये 7 लक्षण, जानें बचाव के उपाय
रोकथाम ही सबसे बेहतर इलाज
डेंगू से बचने के लिए जरूरी है कि रोकथाम पर ध्यान दिया जाए। क्लीवलैंड क्लिनिक की रिपोर्ट के अनुसार, हर साल दुनिया में लगभग 400 मिलियन लोग डेंगू से संक्रमित होते हैं। कई बार लोगों को इसके लक्षण भी नजर नहीं आते इसलिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है।
कैसे करें डेंगू से बचाव?
घर के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, टंकी, फूलदान जैसे बर्तनों का नियमित सफाई करें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का प्रयोग करें। खिड़कियों पर जाली लगवाएं और मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे का इस्तेमाल करें। डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन के समय काटता है। यह मच्छर काले रंग का होता है और उसके शरीर पर सफेद धारियां होती हैं।
अगर डेंगू हो जाए तो क्या करें?
अगर किसी को डेंगू हो जाए, तो ये बातें ध्यान रखें ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ दें जैसे नींबू पानी, नारियल पानी, सूप, जूस आदि। डॉक्टर की सलाह से पेरासिटामोल दी जा सकती है लेकिन एस्पिरिन या ब्रूफेन से बचें। मच्छरदानी का जरूर उपयोग करें। शरीर को आराम दें, हल्का और ताजगी भरा खाना दें। तले-भुने खाने से बचें।
क्या घरेलू उपाय मदद करते हैं?
कुछ लोग पपीते के पत्ते का रस या गिलोय का काढ़ा पीते हैं, लेकिन इनके वैज्ञानिक प्रमाण अभी स्पष्ट नहीं हैं। इसलिए इनका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
डेंगू एक गंभीर लेकिन रोके जाने योग्य बीमारी है। सही जानकारी, साफ-सफाई और समय पर इलाज से इसे हराया जा सकता है। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर हम सभी को मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी खुद उठाएंगे।