तिहाड़ जेल में राजपाल यादव- अकेलेपन से टूटे एक्टर, कभी फ्री में खाने वालों की घर पर लगती थी लाइन
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 01:09 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता राजपाल यादव आज अपने जीवन के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एक्टर को चेक बाउंस केस के चलते दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया है। हालांकि जेल जाने का दर्द उनके लिए सहनीय था, लेकिन अकेलेपन ने उन्हें सबसे ज्यादा तोड़ा। जेल में जाने से पहले राजपाल ने खुद कहा था कि उनके पास न तो पैसे हैं और न ही कोई करीबी दोस्त।
राजपाल यादव का मुश्किल दौर
राजपाल यादव लंबे समय से इंडस्ट्री में अपने योगदान और अभिनय के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अब वह चेक बाउंस केस में फंस गए हैं। यह केस 2010 का है, जब उन्होंने फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बांद्रा ब्रांच से 5 करोड़ का लोन लिया था। उन्होंने इस लोन की किश्त समय पर नहीं चुकाई, जिसके कारण उन्हें जेल का सामना करना पड़ा। 2018 में भी इसी मामले के चलते राजपाल यादव को 3 महीने जेल की हवा खानी पड़ी थी। इस बार उनकी आखिरी याचिका भी खारिज हो गई और कोर्ट ने सरेंडर का आदेश दे दिया।
अकेलेपन ने किया सबसे ज्यादा प्रभावित
राजपाल ने कहा कि जेल जाने से ज्यादा कठिन उनके लिए यह महसूस करना था कि उनके पास कोई करीबी दोस्त नहीं है। उन्होंने अपनी वित्तीय और व्यक्तिगत स्थिति पर खुलकर बात की। राजपाल के इस बयान ने लोगों को झकझोर दिया। इंडस्ट्री में उनके करीबी दोस्त कहां हैं, यह सवाल सोशल मीडिया पर उठ रहा है।
ये भी पढ़ें: मौत के बाद सबसे पहले कौन सा अंग काम करना बंद करता है? डॉक्टर से जानें
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का पुराना किस्सा
इस बीच, अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नवाजुद्दीन बताते हैं जब राजपाल यादव के अच्छे दिन थे, तो उनके घर पर लंगर चलता था, और लोग मुफ्त में खाना खाने आते थे। नवाजुद्दीन खुद भी कई बार उनके घर खाना खा चुके हैं। राजपाल यादव ने कभी भी अपने मेहमानों को असहज महसूस नहीं कराया। नवाजुद्दीन ने राजपाल को संवेदनशील और दिल का साफ इंसान बताया। उन्होंने कहा कि राजपाल के पास अभिनय का सबसे अच्छा प्रशिक्षण था और पढ़ाई में भी वे काफी आगे हैं।
इंडस्ट्री में मदद का हाथ
राजपाल यादव के मुश्किल दौर में बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई सितारे आगे आए हैं। सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने मदद का हाथ बढ़ाया। राव इंदरजीत सिंह यादव और GemTunes Music के ओनर ने 1.11 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया। इस मुश्किल समय में इंडस्ट्री के समर्थन ने यह साबित किया कि राजपाल अकेले नहीं हैं।
राजपाल यादव का मामला सिर्फ अदालत और लोन तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसे अभिनेता की कहानी है, जिसने इंडस्ट्री में कई लोगों की मदद की, अब जब उन्हें खुद कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, तो उनकी मदद के लिए सितारे आगे आए हैं।
उनकी कहानी यह भी बताती है कि कठिनाई में अकेलेपन और समर्थन की अहमियत कितनी होती है।

