जाह्नवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने रैंप पर दिखाया रॉयल लुक, शाही अंदाज़ में किया वॉक
punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 03:24 PM (IST)

नारी डेस्क: बॉलीवुड के दो चर्चित चेहरे जाह्नवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा हाल ही में एक फैशन शो के दौरान रैंप पर साथ नजर आए। दोनों ने शाही लुक में रैंप वॉक कर ऐसा समां बांधा कि वहां मौजूद हर शख्स की नजरें बस उन्हीं पर टिक गईं। इस रैंप वॉक में जाह्नवी और सिद्धार्थ एक-दूसरे का हाथ थामे चलते नजर आए। दोनों का रॉयल लुक देखकर ऐसा लगा मानो कोई फिल्मी राजा और रानी किसी भव्य महल से निकलकर सीधे रैंप पर आ गए हों। सिद्धार्थ की यह जोड़ी उनकी पत्नी कियारा आडवाणी के बजाय जाह्नवी के साथ देख सोशल मीडिया पर फैंस भी हैरान रह गए।
जल्द रिलीज़ होने वाली फिल्म से जुड़ी तैयारी
बताया जा रहा है कि जाह्नवी और सिद्धार्थ जल्द ही फिल्म ‘परम सुंदरी’ में साथ नजर आने वाले हैं। यह रैंप वॉक इसी फिल्म के प्रमोशनल इवेंट्स का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री भी साफ नजर आई।
10,000 से ज्यादा क्रिस्टल वाला लहंगा
जाह्नवी कपूर ने जो लहंगा पहना था, वह खास तौर पर डिज़ाइनर गौरव गुप्ता के ब्राइडल कलेक्शन से था। इस लहंगे में 10,000 से अधिक प्रीसियोसा क्रिस्टल लगाए गए थे। लहंगे पर सिल्वर और गोल्ड बीड्स से बेलों जैसे डिज़ाइन बनाए गए थे, जो उनकी खूबसूरती को और निखार रहे थे।
ऑफ-शोल्डर ब्लाउज़ ने बढ़ाया ग्लैमर
जाह्नवी ने इस लहंगे के साथ ऑफ-शोल्डर ब्लाउज पहना था, जो उनके स्टाइलिश अवतार को दर्शाता है। ब्लाउज पर की गई बीड्स और क्रिस्टल की डिटेलिंग ने उनके लुक में चार चांद लगा दिए। साथ ही उनका शोल्डर एरिया भी खूब हाइलाइट हुआ।
दुपट्टे से मिला वेल का इफेक्ट
जाह्नवी ने लहंगे के साथ नेट का लंबा दुपट्टा कैरी किया था, जिसे उन्होंने सिर पर ओढ़ा। दुपट्टे के बॉर्डर पर बीड्स से बनी सुंदर कढ़ाई की गई थी, जो उसे रॉयल टच दे रही थी। इसकी लंबाई और डिजाइन की वजह से यह वेल जैसा इफेक्ट दे रहा था, जिससे जाह्नवी का ब्राइडल लुक और भी खास बन गया।
ये भी पढ़ें: 9 ग्रहों से आशीर्वाद पाने के लिए किस दिन कौन से रंग के कपड़े पहनें?
ब्राइडल लुक के लिए पहनी कलीरे
अपने ब्राइडल आउटफिट को पूरा करने के लिए जाह्नवी ने घंटियों वाली कलीरे भी पहनीं। इन पर बेल शेप वाले एलिमेंट्स लगे थे, जो उनके लहंगे के डिजाइन से मेल खाते थे। इसके साथ उन्होंने गले में हैवी नेकलेस और हाथों में स्टाइलिश रिंग्स पहनकर लुक को फाइनल टच दिया।
सिद्धार्थ का शाही अंदाज
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने रैंप पर आइवरी कलर की टेंपल शेरवानी पहनी थी। उनकी शेरवानी पर जियोमेट्रिकल और फ्लोरल पैटर्न बने हुए थे और वी-नेक कट इसे यूनिक बना रहा था। शेरवानी पर पर्ल बीड्स की डिटेलिंग ने लुक को और भी एलिगेंट बना दिया।
मैचिंग ट्राउजर और दुपट्टे ने बढ़ाई शोभा
सिद्धार्थ ने शेरवानी के साथ मैचिंग ट्राउजर और कंधे पर लंबा दुपट्टा कैरी किया, जिससे उनका लुक बिल्कुल महाराजा जैसा नजर आया। उन्होंने अपने पूरे पहनावे से एक रॉयल और डैशिंग इमेज पेश की, जो दर्शकों को खूब पसंद आई।
डिजाइनर गौरव गुप्ता को जाता है क्रेडिट
इस शानदार रैंप वॉक और रॉयल लुक्स के पीछे डिजाइनर गौरव गुप्ता का हाथ था। यह ब्राइडल कलेक्शन शो गौरव के डिज़ाइन की बारीकी और भव्यता को दिखाने का एक बेहतरीन मंच बना।
जाह्नवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस फैशन शो में अपने रॉयल अवतार से सबका दिल जीत लिया। दोनों का एक-दूसरे के साथ रैंप वॉक करना और शानदार आउटफिट्स पहनना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। आने वाली फिल्म ‘परम सुंदरी’ के लिए इनकी केमिस्ट्री दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही बढ़ा रही है।