Indian Idol फेम सायली कांबले 3 साल बाद बनने जा रही हैं मम्मी, पति धवल संग फैंस को दी खुशखबरी
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 04:23 PM (IST)

नारी डेस्क: इंडियन आइडल की फेमस सिंगर सायली कांबले ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी बड़ी खुशखबरी फैंस के साथ साझा की है। शादी के तीन साल बाद वह मम्मी बनने वाली हैं। हाल ही में सायली ने पति धवल पाटिल संग सोशल मीडिया पर प्यारी तस्वीरें शेयर कर अपनी प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट की, जिसे देखकर उनके चाहने वाले खुशी से झूम उठे।
सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी
सायली कांबले ने इंस्टाग्राम पर पति धवल पाटिल संग एक खूबसूरत फोटो शेयर की। तस्वीर में वह अपने बेबी बंप को फ्लॉन्ट करती नजर आईं। ऑरेंज और हरे रंग की साड़ी में सजी सायली बेहद खूबसूरत लगीं और उनकी खुशी चेहरे पर साफ झलक रही थी। वहीं धवल अपनी पत्नी की आंखों में खोए नजर आए।
पोस्ट शेयर करते हुए सायली ने कैप्शन लिखा “हमारा दिल खुशी से भर आया है। मैं और धवल इस बात का ऐलान करते हुए बहुत खुश हैं कि हमारा छोटा सा चमत्कार जल्द ही आने वाला है। हम अपनी जिंदगी के बेहद खास एडवेंचर की ओर बढ़ रहे हैं और अपने खुशी के बंडल से मिलने के लिए बेताब हैं।”
फैंस ने लुटाया प्यार
सायली और धवल की इस तस्वीर पर फैंस ने जमकर प्यार बरसाया। किसी ने लिखा “बहुत-बहुत बधाई हो, जिंदगी का नया चरण शुरू होने वाला है।” तो किसी ने कहा “आप दोनों को ढेर सारी शुभकामनाएं।” सिंगिंग रियलिटी शो से पॉपुलर हुईं सायली आज भी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं और उनकी पोस्ट पर हमेशा लोगों का खूब रिस्पॉन्स आता है।
2022 में रचाई थी शादी
गौरतलब है कि सायली कांबले और धवल पाटिल ने अप्रैल 2022 में शादी की थी। उनकी शादी मराठी रीति-रिवाजों से हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इस खास मौके पर इंडियन आइडल के कई को-कंटेस्टेंट्स भी मौजूद रहे थे। शादी के तीन साल बाद अब कपल अपने पहले बच्चे का स्वागत करने जा रहा है।
सायली कांबले की इस खुशखबरी ने उनके फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री दोनों को उत्साहित कर दिया है। अब सभी को बेसब्री से उस पल का इंतजार है, जब यह कपल अपने नन्हे मेहमान का स्वागत करेगा।