283 बार सिर मुंडवाकर बने 'बापूजी', 35 की उम्र में इस Actor के पैर छूने लगे थे लोग
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 03:24 PM (IST)
नारी डेस्क : टीवी के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah ने दर्शकों को कई यादगार किरदार दिए हैं। इन्हीं में से एक हैं ‘बापूजी’ यानी Amit Bhatt, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय से घर-घर में पहचान बनाई। दिलचस्प बात यह है कि जब अमित भट्ट ने इस किरदार को निभाना शुरू किया था, तब उनकी उम्र महज 35 साल थी, लेकिन पर्दे पर उन्होंने इतने दमदार तरीके से बुजुर्ग चंपकलाल का किरदार निभाया कि लोग उन्हें सचमुच बुजुर्ग समझने लगे।
किरदार को असली दिखाने के लिए मुंडवा लिया था सिर
एक पुराने इंटरव्यू में अमित भट्ट ने बताया था कि शो की शुरुआत में उनके लंबे और घने बाल थे। चंपकलाल का लुक देने के लिए उन्हें रोजाना विग पहननी पड़ती थी, जिसे लगाने में करीब ढाई घंटे लग जाते थे। गर्मी में घंटों शूटिंग के दौरान विग पहनना बेहद मुश्किल हो जाता था और कैमरे पर भी वह पूरी तरह नेचुरल नहीं लगती थी। इसी परेशानी से बचने और किरदार को अधिक वास्तविक बनाने के लिए अमित ने एक दिन बिना किसी को बताए सैलून जाकर अपना सिर मुंडवा लिया। उनका मानना था कि अगर दर्शकों को किरदार पर भरोसा दिलाना है, तो उसे पूरी तरह नेचुरल दिखना जरूरी है।
यें भी पढ़ें : प्रसाद नहीं, यहां भगवान को चढ़ाई जाती हैं घड़ियां! जानें इस अनोखी परंपरा का रहस्य
दो साल में 283 बार कराया मुंडन
अमित भट्ट ने खुलासा किया था कि शो के शुरुआती दो वर्षों तक चंपकलाल टोपी नहीं पहनते थे। ऐसे में उन्हें हर दूसरे दिन सिर मुंडवाना पड़ता था ताकि किरदार का लुक बना रहे। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने लगभग 283 बार अपना सिर मुंडवाया था। उनके अनुसार, एक बार जब उन्होंने पूरी तरह गंजा लुक अपना लिया, तो दर्शकों ने उन्हें सचमुच एक बुजुर्ग व्यक्ति मानना शुरू कर दिया और किरदार लोगों के दिलों में बस गया।
जब लोग सचमुच समझने लगे थे बुजुर्ग
अमित भट्ट ने बताया कि जब उन्होंने ‘बापूजी’ का किरदार निभाना शुरू किया, तब उनकी उम्र सिर्फ 35 साल थी। इसके बावजूद उनसे कहीं ज्यादा उम्र के लोग भी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते थे और उन्हें ‘बापूजी’ कहकर सम्मान देते थे। उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह उनके लिए थोड़ा अजीब था, क्योंकि वह लोगों को समझाते थे कि वह असल जिंदगी में बुजुर्ग नहीं हैं। लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह दर्शकों का उनके किरदार के प्रति प्यार और सम्मान था।
यें भी पढ़ें : रोज इस तरीके से पिएं मेथी का पानी, नसों में जमा गंदा कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे होगा साफ
थिएटर के अनुभव ने बनाया शानदार कलाकार
अमित भट्ट का थिएटर से गहरा नाता रहा है। उन्होंने करीब 15 साल तक थिएटर में काम किया और कई तरह के किरदार निभाए। एक नाटक में उन्होंने 20, 35, 45 और 65 साल की उम्र के एक ही किरदार को निभाया था। यही अनुभव बाद में ‘बापूजी’ के किरदार को जीवंत बनाने में उनके काम आया।
मेहनत रंग लाई, घर-घर में बन गए ‘बापूजी’
अमित भट्ट ने बताया कि शो के शुरुआती महीनों में वह लगातार इस बात पर काम करते रहे कि चंपकलाल का किरदार लोगों को वास्तविक और भरोसेमंद लगे। उन्होंने नए-नए तरीके अपनाए, सुझाव लिए और अपने अभिनय को लगातार बेहतर बनाया। करीब छह महीने बाद दर्शकों ने इस किरदार को अपनाना शुरू किया और देखते ही देखते ‘बापूजी’ टीवी के सबसे लोकप्रिय किरदारों में शामिल हो गए।

