चावल के आटे से बनती है केरल की मशहूर रोटी, स्वाद इतना बहतरीन कि बार-बार खाने का मन करेगा
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 04:30 PM (IST)
नारी डेस्क: जब भी साउथ इंडियन खाने का जिक्र होता है, तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में इडली, डोसा और सांभर की तस्वीर उभर आती है। लेकिन केरल के मालाबार क्षेत्र की एक ऐसी पारंपरिक डिश भी है, जो अपनी सादगी और स्वाद के लिए बेहद मशहूर है। इस डिश का नाम है पथिरी रोटी। चावल के आटे से बनने वाली यह पतली, मुलायम और हल्की रोटी केरल के मप्पिला समुदाय के खान-पान का अहम हिस्सा मानी जाती है। खास मौकों, त्योहारों, ईद और पारिवारिक समारोहों में इसे बड़े प्यार से बनाया जाता है। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह बेहद हल्की होती है और मसालेदार करी के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
क्या होती है पथिरी रोटी
पथिरी एक तरह की पारंपरिक राइस फ्लैटब्रेड है, जिसे केवल कुछ साधारण सामग्री से तैयार किया जाता है। देखने में यह साधारण लग सकती है, लेकिन इसकी नरम बनावट और हल्का स्वाद इसे खास बनाता है। केरल में इसे चिकन करी, मटन करी, फिश करी या वेजिटेबल स्ट्यू के साथ परोसा जाता है। अगर सही तरीके से बनाई जाए तो पथिरी इतनी मुलायम बनती है कि मुंह में जाते ही घुल जाती है।

पथिरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 कप बारीक भुना हुआ चावल का आटा
1 कप पानी
1 छोटा चम्मच नारियल तेल
1½ छोटा चम्मच नमक
सबसे पहले तैयार करें आटा
पथिरी की सफलता काफी हद तक उसके आटे पर निर्भर करती है। इसलिए सबसे पहले चावल के आटे को अच्छी तरह छान लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे। अब एक गहरे बर्तन में पानी, नमक और नारियल तेल डालकर उबाल लें। जब पानी अच्छी तरह उबलने लगे, तब उसमें धीरे-धीरे चावल का आटा डालें और लगातार चलाते रहें। इस दौरान आंच धीमी रखें ताकि मिश्रण तले में चिपके नहीं। करीब 10 से 15 सेकंड तक पकाने के बाद गैस बंद कर दें।

नरम पथिरी के लिए ऐसे गूंथें आटा
जब मिश्रण थोड़ा संभालने लायक गर्म रह जाए, तब हथेलियों पर थोड़ा नारियल तेल लगाकर उसे अच्छी तरह गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा पूरी तरह ठंडा होने से पहले ही गूंथना बेहतर होता है। इससे पथिरी ज्यादा मुलायम बनती है। आटा तब तक गूंथें जब तक वह चिकना और एकसार न हो जाए।
ये भी पढ़ें: गाय के दूध से कई गुना ज्यादा प्रोटीन! इतना पावरफुल होता है Cockroach Milk
लोइयां बनाकर बेलें पतली रोटियां
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई लगभग नींबू के आकार की होनी चाहिए। लोई को हल्का दबाकर बेलन की मदद से पतली रोटी की तरह बेल लें। अगर आटा चिपक रहा हो तो थोड़ा चावल का आटा छिड़क सकते हैं। कोशिश करें कि रोटी ज्यादा मोटी न रहे, क्योंकि पथिरी की पहचान उसकी पतली और नरम बनावट ही होती है।
तवे पर ऐसे सेंकें पथिरी
एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और फिर आंच को मध्यम कर दें।
बेली हुई पथिरी को तवे पर डालें। करीब 10 से 15 सेकंड बाद उसे पलट दें। अब चम्मच के पिछले हिस्से से हल्के हाथों से दबाएं। कुछ ही देर में रोटी फूलने लगेगी और उसमें भाप बनने लगेगी। फिर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें। जब दोनों तरफ हल्के सुनहरे निशान दिखाई देने लगें तो पथिरी तैयार है। पथिरी का स्वाद चिकन करी, मटन करी, फिश करी और नारियल आधारित ग्रेवी के साथ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। हालांकि इसे साधारण सब्जी या दाल के साथ भी खाया जा सकता है। इसके हल्के स्वाद की वजह से यह हर तरह की मसालेदार करी के साथ आसानी से मेल खा जाती है।

परफेक्ट पथिरी बनाने के लिए याद रखें ये टिप्स
हमेशा बारीक और अच्छी क्वालिटी का चावल का आटा इस्तेमाल करें। आटा डालने के बाद मिश्रण को लगातार चलाते रहें। आटा गर्म रहते हुए ही गूंथें। रोटी को ज्यादा देर तक तवे पर न रखें, वरना वह सख्त हो सकती है। बेहतर स्वाद के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल जरूर करें। अगर आप रोजाना की रोटी से कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो केरल की यह पारंपरिक पथिरी रोटी जरूर बनाएं। कम सामग्री में तैयार होने वाली यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ हल्केपन का भी बेहतरीन अनुभव देती है।

