बच्चा बार-बार कान खुजलाता है, डॉक्टर ने बताए इसके 4 कारण
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 03:35 PM (IST)
नारी डेस्क: छोटे बच्चे जब किसी परेशानी को शब्दों में नहीं बता पाते, तो उनका शरीर कई संकेत देने लगता है। इन्हीं संकेतों में से एक है बार-बार कान खुजलाना या कान को रगड़ना। कई माता-पिता बच्चे को ऐसा करते देखकर चिंतित हो जाते हैं और उन्हें लगता है कि शायद कान में कोई समस्या है। हालांकि, हर बार बच्चे का कान खुजलाना किसी बीमारी का संकेत नहीं होता। बच्चों के डॉक्टरों के अनुसार, इसके पीछे कई सामान्य कारण हो सकते हैं, जिन्हें समझना जरूरी है। कुछ बच्चों में कान खुजलाना उनकी सामान्य आदत का हिस्सा होता है, जबकि कुछ मामलों में यह किसी परेशानी की ओर इशारा कर सकता है।
खुद को शांत करने की आदत (Self Soothing Habit)
कई बच्चे खुद को आराम देने या शांत करने के लिए कान खुजलाते हैं। खासतौर पर जब बच्चा थका हुआ हो, नींद आ रही हो या उसे आराम की जरूरत महसूस हो रही हो, तब वह ऐसा कर सकता है। जैसे कुछ बच्चे अंगूठा चूसकर या अपना पसंदीदा खिलौना पकड़कर खुद को शांत करते हैं, वैसे ही कुछ बच्चे कान को छूकर या रगड़कर कंफर्ट महसूस करते हैं। यह बच्चों की एक सामान्य सेल्फ-सूदिंग आदत हो सकती है और इसमें चिंता की बात नहीं होती।

दांत निकलने के समय हो सकती है परेशानी
जब छोटे बच्चों के नए दांत निकलने शुरू होते हैं, तो उन्हें मसूड़ों में दर्द और बेचैनी महसूस होती है। कई बार यह परेशानी कान के आसपास भी महसूस हो सकती है। ऐसे में बच्चे अपने कान को खींचने या रगड़ने लगते हैं। खासकर 4 से 12 महीने की उम्र के बच्चों में यह आदत ज्यादा देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: बच्चे को हो गई है कब्ज? डाइट में शामिल करें ये 5 फल, मल होगा मुलायम और पेट भी रहेगा साफ
अपने शरीर को पहचानने की प्रक्रिया
छोटे बच्चे धीरे-धीरे अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों को पहचानना सीखते हैं। 4 से 12 महीने की उम्र में बच्चे अपने हाथ, पैर, कान और चेहरे को छूकर उन्हें समझने की कोशिश करते हैं। इस दौरान कान को पकड़ना, खींचना या रगड़ना उनके लिए एक तरह की खोज होती है। यह उनकी विकास प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा हो सकता है।
खुजली या त्वचा में रूखापन
कई बार कान खुजलाने की वजह त्वचा से जुड़ी समस्या भी हो सकती है। अगर बच्चे के कान के पीछे की त्वचा रूखी हो गई है, लाल दिखाई दे रही है या वहां पसीना जमा हो रहा है, तो बच्चे को खुजली महसूस हो सकती है। ऐसी स्थिति में बच्चा बार-बार कान को रगड़ सकता है। इसलिए माता-पिता को बच्चे की त्वचा और कान के आसपास के हिस्से पर भी ध्यान देना चाहिए।
कब बच्चे को डॉक्टर को दिखाना जरूरी है
हालांकि कान खुजलाना अक्सर सामान्य आदत हो सकती है, लेकिन कुछ लक्षण ऐसे होते हैं जिनमें डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है। अगर बच्चा कान खुजलाने के साथ-साथ

बुखार से परेशान है
कान से पानी, तरल पदार्थ या पस निकल रहा है
दूध पीना कम कर दिया है
रात में ठीक से सो नहीं पा रहा है
बार-बार सिर्फ एक ही कान खींच रहा है
बहुत ज्यादा रो रहा है या चिड़चिड़ा हो गया है
हाल ही में सर्दी-जुकाम या खांसी से परेशान रहा है
तो ऐसी स्थिति में बच्चे की जांच करवानी चाहिए।

