फेम Actress का 35 साल की उम्र में हुआ निधन, इस गंभीर बीमारी ने ली जान
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 01:30 PM (IST)
नारी डेस्क : हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। हॉरर फिल्म The Ring में समारा मॉर्गन का यादगार किरदार निभाने वाली और Lilo & Stitch में लिलो को अपनी आवाज देने वाली अभिनेत्री डेवी चेज का 35 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
मेनिन्जाइटिस और ब्लड इंफेक्शन से हुई मौत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेवी चेज पिछले कुछ समय से मेनिन्जाइटिस और गंभीर ब्लड इंफेक्शन से जूझ रही थीं। बताया जा रहा है कि संक्रमण बढ़कर सेप्सिस में बदल गया, जिससे उनके शरीर के कई अंग प्रभावित हुए और आखिरकार उनका निधन हो गया। इससे पहले उन्हें लॉस एंजिल्स के एक अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था।

चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में मिली थी पहचान
24 जुलाई 1990 को जन्मी डेवी चेज ने बहुत कम उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपनी पहचान बनाई और जल्द ही हॉलीवुड की सबसे प्रतिभाशाली युवा कलाकारों में शामिल हो गईं। उनकी आवाज और अभिनय दोनों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
यें भी पढ़ें : 80 KM/H की रफ्तार से चलेंगी आंधी-तूफानी, इन 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
एक्टिंग और वॉइस ओवर दोनों में बिखेरा जादू
साल 2002 डेवी चेज के करियर का सबसे बड़ा साल साबित हुआ। इसी वर्ष उन्होंने 'द रिंग' में समारा मॉर्गन का किरदार निभाकर हॉरर फिल्मों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। वहीं दूसरी ओर 'लिलो एंड स्टिच' में लिलो की आवाज देकर बच्चों और परिवारों के बीच भी लोकप्रिय हो गईं। उन्होंने अंग्रेजी संस्करण में Spirited Away की मुख्य किरदार चिहिरो को भी अपनी आवाज दी थी।

निजी जिंदगी की परेशानियों के बाद इंडस्ट्री से बना ली दूरी
करियर की सफलता के बावजूद डेवी चेज की निजी जिंदगी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही। कानूनी विवादों और व्यक्तिगत चुनौतियों के चलते उन्होंने धीरे-धीरे मनोरंजन जगत से दूरी बना ली। इसके बाद वह लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहीं।
यें भी पढ़ें : थायराइड में सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ता, शरीर में होती हैं ये 7 बड़ी परेशानियां
आखिरी बार इस फिल्म में आई थीं नजर
डेवी चेज की आखिरी चर्चित फिल्मों में Jack Goes Home और अन्य स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स शामिल रहे। 2016 के बाद उन्होंने स्क्रीन पर बहुत कम काम किया और सार्वजनिक जीवन से लगभग दूर हो गईं। उनके निधन से हॉलीवुड ने एक ऐसी कलाकार को खो दिया है, जिसने कम उम्र में ही अभिनय और वॉइस एक्टिंग की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी। सोशल मीडिया पर फैंस और कई कलाकार उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

