₹500 का नोट बंद हो रहा है? PIB और RBI का सामने आया बड़ा अपडेट!
punjabkesari.in Wednesday, Jun 04, 2025 - 04:11 PM (IST)

नारी डेस्क: हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से यह खबर फैल रही थी कि सरकार ₹500 के नोट बंद करने जा रही है। इस अफवाह ने लोगों के बीच चिंता पैदा कर दी। लेकिन अब इस पर सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से बड़ा और साफ जवाब आया है।
PIB ने बताया अफवाह, ₹500 के नोट बंद नहीं होंगे
PIB (प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो) की फैक्ट चेक यूनिट ने एक ट्वीट के जरिए इस खबर को पूरी तरह से गलत और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि यह झूठी खबर एक यूट्यूब चैनल – कैपिटल टीवी – द्वारा फैलाई जा रही है। PIB ने साफ कर दिया कि ₹500 के नोट को बंद करने का न तो सरकार और न ही RBI ने कोई फैसला लिया है। इसका मतलब है कि जैसे पहले ₹500 के नोट चल रहे थे, वैसे ही आगे भी चलते रहेंगे।
तो फिर RBI ने क्या नया आदेश जारी किया है?
RBI ने हाल ही में ATM में छोटे नोटों की उपलब्धता बढ़ाने को लेकर एक नया आदेश दिया है। इस आदेश का मकसद आम लोगों को नकद निकालने में और सुविधा देना है। ATM में ₹100 या ₹200 के नोट रखना अब जरूरी।
RBI के नए आदेश के मुताबिक
सभी बैंक और व्हाइट लेबल एटीएम ऑपरेटरों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके ATM में कम से कम एक कैसेट में ₹100 या ₹200 के नोट हमेशा उपलब्ध हों। देश में फिलहाल लगभग 2.20 लाख बैंक ATM और 36 हजार व्हाइट लेबल ATM हैं। इन सभी ATM मशीनों में चार-चार कैसेट होती हैं। अब उनमें से एक कैसेट में छोटे नोट (₹100 या ₹200) रखना अनिवार्य होगा।
ये भी पढ़ें: RBI का अलर्ट: 500 और 200 रुपये के नोटों को लेकर RBI ने जारी किया अलर्ट
इस व्यवस्था को लागू करने की टाइमलाइन क्या है?
30 सितंबर 2025 तक देश के 75% ATM में यह व्यवस्था लागू करनी होगी। 31 मार्च 2026 तक 90% ATM को इस नियम का पालन करना होगा। ध्यान देने वाली बात है कि इसके साथ-साथ ₹500 के नोट भी जारी रहेंगे। उन्हें बंद करने का कोई प्लान नहीं है।
इस फैसले से आम लोगों को क्या फायदा होगा?
अब एटीएम से छोटे नोट आसानी से मिल सकेंगे। रोजमर्रा की खरीदारी और छोटे लेनदेन में परेशानी कम होगी। उन इलाकों में खासतौर पर फायदा होगा जहां डिजिटल पेमेंट ज्यादा इस्तेमाल नहीं होता। नोट बदलवाने की जरूरत कम हो जाएगी।
₹500 के नोट को लेकर अफवाह कैसे फैली?
जब RBI ने बैंकों को सलाह दी कि वे ATM में ₹100 और ₹200 के नोटों की संख्या बढ़ाएं, तो कुछ लोगों ने इसे गलत तरीके से समझा और अफवाह फैलानी शुरू कर दी कि ₹500 के नोट बंद हो रहे हैं। जबकि यह एक सामान्य प्रक्रिया थी, ताकि नकदी में संतुलन बना रहे और सभी मूल्यवर्ग के नोट आसानी से उपलब्ध हों।
₹500 के नोट बंद नहीं हो रहे हैं। ATM में ₹100 और ₹200 के नोट अनिवार्य रूप से रखने का आदेश दिया गया है।
यह फैसला आम जनता की सुविधा के लिए लिया गया है, न कि किसी नोटबंदी के लिए।