सिर्फ 10 रुपए के नोट के लिए ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला पर किया हमला,  20 मीटर तक घसीटा, टूटे दांत..

punjabkesari.in Wednesday, Jul 23, 2025 - 05:39 PM (IST)

नारी डेस्क: कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में एक मामूली विवाद हिंसक घटना में बदल गया। यहां एक ऑटो रिक्शा चालक और एक 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला यात्री के बीच 10 रुपए के नोट को लेकर बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि ऑटो चालक ने महिला को लगभग 20 मीटर तक घसीट लिया। इस घटना में महिला को जबड़ा उखड़ने सहित माथे पर गहरी चोट आई।

घटना कैसे हुई?

पीड़िता ब्रतति मुखर्जी के पति संजय मुखर्जी ने बताया कि उनकी पत्नी सुबह करीब 11 बजे स्थानीय बाजार से घर लौट रही थीं। जब वह ऑटो रिक्शा से उतर रही थीं, तब उन्होंने चालक को 10 रुपए का एक फटा हुआ नोट दिया। लेकिन ऑटो चालक ने इस नोट को लेने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान ऑटो चालक ने महिला के बैग का पट्टा पकड़ लिया और ऑटो आगे बढ़ा दिया। इससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ीं। गिरने की वजह से उनका चेहरा सड़क से टकरा गया।

PunjabKesari

इस हादसे में महिला के दो दांत टूट गए और उनका जबड़ा उखड़ गया। साथ ही माथे पर गहरी चोट भी आई, जिसे टांके लगाने पड़े। इसके अलावा उनके पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन फिलहाल वह घर पर ही आराम कर रही हैं और बोलने में असमर्थ हैं।

ये भी पढ़े: "कभी कुत्ते से हुई थीं रिप्लेस", आज हैं 163 करोड़ की मालकिन, इस एक्ट्रेस की ज़िंदगी की फिल्मी कहानी

पीड़िता की गंभीर हालत

ब्रतति मुखर्जी विधाननगर नगर पालिका स्कूल की पूर्व फिजिक्स शिक्षिका हैं। वह पहले रीढ़ की हड्डी की चोट के कारण नौकरी छोड़ चुकी हैं और घर पर ट्यूशन पढ़ाती थीं। उनके पति संजय मुखर्जी ने बताया कि यह घटना उनकी पत्नी के लिए मानसिक रूप से भी बहुत भारी साबित हुई है। वह गहरे सदमे में हैं और ठीक होने में उन्हें काफी समय लगेगा।

पुलिस ने आरोपी को 12 घंटे के अंदर पकड़ा

घटना के बाद महिला के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। हालांकि यह घटना सीधे महिला के घर के सामने लगे कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हुई थी, लेकिन आसपास के अन्य कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक की पहचान कर ली। महज 12 घंटे के अंदर आरोपी तपन दास को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static