दूध नहीं पीते तो भी नहीं होगी Calcium की कमी, डाइट में शामिल करें ये Foods
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 10:51 AM (IST)
नारी डेस्क: शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए कैल्शियम बेहद जरूरी पोषक तत्व माना जाता है। खासकर हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए इसकी अहम भूमिका होती है। इसके अलावा कैल्शियम मांसपेशियों, नसों और दिल की कार्यप्रणाली को सही बनाए रखने में भी मदद करता है। अक्सर लोगों को लगता है कि कैल्शियम का सबसे बड़ा स्रोत सिर्फ दूध है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। कई ऐसे खाद्य पदार्थ भी हैं जिनमें दूध से भी ज्यादा कैल्शियम पाया जाता है। अगर आप दूध पीना पसंद नहीं करते या किसी कारण से दूध नहीं पी पाते तो इन चीजों को अपनी डाइट में शामिल करके शरीर की कैल्शियम जरूरत को पूरा कर सकते हैं।
मोजरेला चीज स्वाद के साथ भरपूर कैल्शियम
सॉफ्ट इटालियन मोजरेला चीज कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। एक कप मोजरेला चीज से शरीर को लगभग 1.7 ग्राम तक कैल्शियम मिल सकता है। यह न सिर्फ हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है, बल्कि शरीर को प्रोटीन भी देता है। हालांकि इसे सीमित मात्रा में खाना बेहतर माना जाता है क्योंकि इसमें फैट की मात्रा भी अधिक हो सकती है।

टोफू दूध से भी ज्यादा कैल्शियम
सोया से तैयार होने वाला टोफू सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। खासतौर पर शाकाहारी लोगों के लिए यह प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन विकल्प है। विशेषज्ञों के अनुसार, एक कप टोफू में एक गिलास दूध से ज्यादा कैल्शियम पाया जाता है। इसे सलाद, सब्जी या स्नैक्स के रूप में आसानी से खाया जा सकता है।
चिया सीड्स छोटे बीज, बड़े फायदे
चिया सीड्स पिछले कुछ समय में सुपरफूड के रूप में काफी लोकप्रिय हुए हैं। इनमें कैल्शियम के साथ-साथ फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। एक कप चिया सीड्स में लगभग 1.5 ग्राम तक कैल्शियम हो सकता है। अगर रोजाना सिर्फ एक चम्मच चिया सीड्स भी खाए जाएं, तो शरीर को अच्छी मात्रा में कैल्शियम मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: खड़े होकर काम करने से खत्म होगी Diabetes!
हरी पत्तेदार सब्जियां सेहत का खजाना
हरी पत्तेदार सब्जियां शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देती हैं और इनमें कैल्शियम भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। केल जैसी सब्जियों में कैल्शियम भरपूर होता है। एक कप केल में करीब 622 मिलीग्राम तक कैल्शियम पाया जाता है। वहीं, दो कप टर्निप ग्रींस से लगभग 394 मिलीग्राम कैल्शियम मिल सकता है। इन सब्जियों को नियमित डाइट में शामिल करने से हड्डियों को मजबूती मिलती है और शरीर को जरूरी विटामिन्स भी प्राप्त होते हैं।

सूखा अंजीर स्वाद और पोषण दोनों
सूखा अंजीर कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। इससे शरीर को लगभग 397 मिलीग्राम तक कैल्शियम मिल सकता है। इसके अलावा इसमें फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भी मौजूद होते हैं, जो पाचन और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। सुबह या शाम के समय सूखे अंजीर को स्नैक के तौर पर खाया जा सकता है।
दही स्वादिष्ट और हेल्दी स्रोत
दही को भी कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। एक कप दही से लगभग 311 मिलीग्राम तक कैल्शियम मिल सकता है, जो कई बार एक गिलास दूध से भी ज्यादा होता है। दही पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद होता है क्योंकि इसमें अच्छे बैक्टीरिया पाए जाते हैं। गर्मियों में इसे डाइट में शामिल करना शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मदद करता है।
कैल्शियम की कमी को नजरअंदाज न करें
शरीर में कैल्शियम की कमी होने पर हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। इसके अलावा मांसपेशियों में दर्द, थकान और दांतों से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि रोजाना की डाइट में कैल्शियम से भरपूर चीजों को शामिल किया जाए। अगर आप दूध नहीं पीते, तब भी सही खानपान अपनाकर शरीर की कैल्शियम जरूरत आसानी से पूरी की जा सकती है।

