दिवाली की मिठाइयों और जंक फूड का नहीं होगा सेहत पर असर, बस अपनाएं ये टिप्स
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 12:50 PM (IST)
नारी डेस्क : दिवाली खुशियों, रोशनी और पकवानों का त्योहार है। इस दौरान मिठाइयों और तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन, बदलती दिनचर्या और बढ़ता वायु प्रदूषण सेहत पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है। सही खान-पान और कुछ आसान आदतों को अपनाकर आप त्योहारों के मौसम में भी खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। आइए जानते हैं, इम्यूनिटी मजबूत बनाने के लिए डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए डाइट में शामिल करें ये 7 चीजें।
विटामिन-C से भरपूर फल
विटामिन-C शरीर के इम्यून सिस्टम को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है। यह एक एंटीऑक्सीडेंट है, जो कोशिकाओं को नुकसान से बचाने और आयरन के अवशोषण में भी सहायक होता है। इसके लिए अपनी डाइट में संतरा, नींबू, आंवला और अमरूद जैसे फल शामिल करें।

विटामिन-A
यह विटामिन पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है और श्वसन संबंधी संक्रमण को कम करता है। विटामिन-A, दृष्टि के लिए भी आवश्यक है और यह त्वचा की स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। गाजर, पालक और सीताफल जैसी सब्जियां विटामिन-A का अच्छा स्रोत हैं, जो प्रतिदिन की डाइट में शामिल की जा सकती हैं।
विटामिन-E
विटामिन-E शरीर में एंटीऑक्सीडेंट्स की कमी को दूर करता है, जिससे मांसपेशियों में दर्द और तनाव कम होता है। यह हृदय स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने में सहायक है। त्यौहारों के दौरान थकान से बचने के लिए नट्स और सीड्स का सेवन करें, जो विटामिन-E के अच्छे स्रोत होते हैं और ऊर्जा को बनाए रखने में मदद करते हैं।

प्रोबायोटिक्स
ये गुड बैक्टीरिया आपकी गट हेल्थ के लिए आवश्यक होते हैं। ये आपके पाचन तंत्र को संतुलित रखते हैं और शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दही, अचार और फर्मेंटेड फूड्स का सेवन करें, जो आपकी इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में मदद करेंगे और पेट की समस्याओं को दूर रखते हैं।
ये भी पढ़ें: सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत
विटामिन-D
धूप विटामिन-D का सबसे अच्छा स्रोत है। यह शरीर के कैल्शियम अवशोषण को बढ़ाता है, जो हड्डियों की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसके अलावा, अपनी डाइट में ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल करें जो विटामिन-D से भरपूर हों, जैसे कि मछली और अंडे। धूप में समय बिताना न भूलें, खासकर सुबह की धूप, जो आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।

जिंक
जिंक की कमी से इम्यून सिस्टम प्रभावित होता है और यह कई शारीरिक क्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह त्वचा और बालों के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है, और इसके पर्याप्त सेवन से संक्रमण से बचने में मदद मिलती है। मांसाहारी लोग मछली और चिकन का सेवन कर सकते हैं, जबकि शाकाहारी लोग दालों को अपनी डाइट में शामिल करें, जो जिंक का अच्छा स्रोत हैं।
यें भी पढ़ें : केवल 6 महीने में Cancer को दें मात! रिकवरी के लिए आज से अपनाएं ये जरूरी टिप्स
हाइड्रेशन
शरीर में हाइड्रेशन बनाए रखना बेहद जरूरी है, खासकर त्योहारों के दौरान जब खाने-पीने का अधिक सेवन होता है। इसके लिए पानी का सेवन बढ़ाएं और फलों का सेवन करके एक्स्ट्रा हाइड्रेशन प्राप्त करें। ताजे फलों के जूस भी हाइड्रेशन में मदद करते हैं और ऊर्जा प्रदान करते हैं। दिवाली के त्योहार पर मिठाइयां और नमकीन का सेवन सामान्य है, लेकिन इनसे स्वास्थ्य पर प्रभाव न पड़े, इसके लिए ऊपर बताए गए उपायों को अपनाना आवश्यक है। सही आहार और हाइड्रेशन से आप त्योहारों का मजा लेते हुए अपनी इम्यूनिटी को भी मजबूत बना सकते हैं। इस तरह, आप बिना किसी चिंता के दिवाली का आनंद ले सकते हैं और बीमारियों से भी बच सकते हैं।
दिवाली पर इन बातों का भी रखें ध्यान
त्योहारों पर मिठाइयों और नमकीन का आनंद जरूर लें, लेकिन इनका सेवन सीमित मात्रा में करें। संतुलित आहार लें, पर्याप्त नींद लें और नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करें। प्रदूषण से बचने के लिए बाहर निकलते समय जरूरी सावधानियां बरतें। इन छोटी-छोटी आदतों से आप त्योहारों के मौसम में अपनी सेहत का बेहतर ध्यान रख सकते हैं।
नोट: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए है। किसी भी तरह के सप्लीमेंट या डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।

