गर्भवती महिला की मौत का कारण बनी डॉक्टर की लापरवाही, अब लगा 1200000 का जुर्माना
punjabkesari.in Thursday, Jul 24, 2025 - 12:51 PM (IST)

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से एक गर्भवती महिला की जान चली गई। यह घटना साल 2017 की है, लेकिन अब जाकर इस पर उपभोक्ता फोरम ने फैसला सुनाया है। गाजीपुर के दिलदारनगर स्थित कादरी अस्पताल में एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद महिला ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। महिला को जब दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया तब जांच में सामने आया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में खून सुखाने का माप (gauze) छोड़ दिया था।
दूसरे अस्पताल में हुई सच्चाई की पुष्टि
महिला को शम्मे हुसैनी अस्पताल (हमीद सेतु के पास) में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर संजीव कुमार ने जांच की और यह पाया कि महिला के पेट में माप (gauze) रह गया है, जिससे इंफेक्शन फैल गया। माप को बाहर निकाल दिया गया, लेकिन तब तक महिला की हालत बेहद बिगड़ चुकी थी। कुछ दिनों के इलाज के बाद महिला की अस्पताल में ही मौत हो गई।
महिला के पति ने मांगा न्याय
महिला के पति राम आशीष ने इस लापरवाही के खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिलाधिकारी (DM) और अन्य अधिकारियों को शिकायत पत्र दिया। CMO द्वारा की गई जांच में डॉक्टर की गलती की पुष्टि हुई और डॉक्टर मनोज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
उपभोक्ता फोरम में चला मामला
राम आशीष ने इस मामले को जिला उपभोक्ता फोरम में भी उठाया। मामले की सुनवाई फोरम के अध्यक्ष सुजीत श्रीवास्तव ने की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत ऑपरेशन में की गई लापरवाही और इंफेक्शन के कारण हुई थी।
ये भी पढ़े: तालाब की खुदाई में मिला 300 साल पुराना पंचमुखी शिवलिंग, दर्शन के लिए उमड़े लोग
अस्पताल पर ₹12 लाख का जुर्माना
फोरम ने कादरी अस्पताल के प्रबंधन को दोषी मानते हुए आदेश दिया कि वे पीड़ित परिवार को दो महीने के भीतर ₹12 लाख का मुआवज़ा अदा करें।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि डॉक्टरों की जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। जहां डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है, वहीं कुछ डॉक्टर अपने कर्तव्यों को भूल जाते हैं।