ब्लड टेस्ट की बात सुन भावुक हुईं दीपिका कक्कड़, बोलीं- ‘अब थोड़ा डर लगने लगा है’

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 05:19 PM (IST)

 नारी डेस्क: टीवी की मशहूर अभिनेत्री Dipika Kakar इन दिनों अपनी सेहत को लेकर मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में उनके पति और अभिनेता Shoaib Ibrahim ने अपने यूट्यूब व्लॉग में एक ऐसा पल शेयर किया, जिसमें दीपिका काफी भावुक नजर आईं। वीडियो में जब शोएब ने आने वाले ब्लड टेस्ट का जिक्र किया, तो दीपिका की आंखों से आंसू निकल पड़े। उन्होंने कहा कि इस बार उनके दिल में थोड़ा डर बैठ गया है, हालांकि वह उम्मीद कर रही हैं कि सब कुछ ठीक होगा।

व्लॉग में दिखा भावुक पल

शोएब इब्राहिम ने अपने यूट्यूब चैनल पर हाल ही में एक व्लॉग शेयर किया, जिसमें उन्होंने दीपिका की हेल्थ अपडेट दी। वीडियो में बताया गया कि डॉक्टरों ने दीपिका के लिए नई डाइट और रूटीन तय किया है। वह अब रोज सुबह लगभग 7 बजे उठकर वॉक पर जाती हैं और रात 7 बजे के बाद कुछ भी नहीं खातीं। इस दौरान दीपिका ने कहा कि वह फिर से रेसिपी से जुड़े व्लॉग बनाना चाहती हैं, लेकिन शोएब ने उन्हें ज्यादा देर खड़े होकर काम करने से मना किया क्योंकि इससे उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है।

ब्लड टेस्ट की बात सुन भावुक हुईं दीपिका

व्लॉग में जब शोएब ने दीपिका को याद दिलाया कि ईद के बाद उनके ब्लड टेस्ट होने वाले हैं, तो यह सुनते ही वह भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। शोएब ने वीडियो में कहा कि दीपिका बहुत मजबूत हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसी बातें उन्हें अंदर से परेशान कर देती हैं। दीपिका ने भी रोते हुए कहा कि इस बार उनके दिल में थोड़ा डर बैठ गया है, लेकिन वह फिर भी यही दुआ करती हैं कि आगे सब ठीक हो।

‘अब थोड़ा डर लगने लगा है’

दीपिका ने अपने फैंस से बात करते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब उन्हें ज्यादा डर लगता है। उन्होंने कहा, “दिल से हर समय यही दुआ निकलती है कि सब कुछ ठीक हो जाए। लेकिन हम सब जानते हैं कि जो होना है, वह होकर रहेगा।” उनके इस भावुक बयान के बाद फैंस भी सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  यूरिन रोककर रखने से शरीर को हो सकते हैं ये नुकसान

बीमारी से जूझ रही हैं दीपिका

दरअसल, दीपिका पिछले कुछ महीनों से स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं। जून 2025 में उनका ट्यूमर हटाने के लिए बड़ा ऑपरेशन किया गया था। उस सर्जरी के दौरान उनके लीवर का करीब 22 प्रतिशत हिस्सा निकालना पड़ा था। इसके बाद फरवरी 2026 में उनके पेट में फिर से लगभग 1.3 सेंटीमीटर का एक सिस्ट पाया गया, जिसे हटाने के लिए दूसरी सर्जरी करनी पड़ी। अच्छी बात यह है कि यह सर्जरी सफल रही और फिलहाल वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं, लेकिन उनका इलाज अभी भी जारी है।

पिछली रिपोर्ट से मिली थी राहत

इससे पहले दिसंबर 2025 में दीपिका के ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई थी, जिससे उनके परिवार को काफी राहत मिली थी। हालांकि उस समय भी उन्होंने बताया था कि वह काफी भारी दवाइयां ले रही हैं। इन दवाइयों की वजह से उन्हें कमजोरी और सुस्ती महसूस होती है। साथ ही इलाज के कारण उनकी इम्युनिटी भी कमजोर हो गई है, जिससे छोटी-मोटी बीमारी या इंफेक्शन भी उन्हें जल्दी प्रभावित कर सकता है।

फैंस कर रहे हैं जल्दी ठीक होने की दुआ

दीपिका कक्कड़ के इस भावुक वीडियो के सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उनके लिए दुआ कर रहे हैं। कई लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर पहले की तरह टीवी और सोशल मीडिया पर नजर आएंगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static