ट्रोलिंग के बीच आलिया भट्ट के सपोर्ट में उतरीं ये सिंगर बोलीं, थोड़ा हंसना सीखो...
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 01:49 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों अवॉर्ड शो होस्ट करने को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने एक अवॉर्ड शो होस्ट किया, जिसके बाद उनकी परफॉर्मेंस को लेकर कई यूजर्स ने आलोचना की। हालांकि, अब सिंगर सोना मोहपात्र उनके समर्थन में खुलकर सामने आई हैं।
सोना मोहपात्र ने किया आलिया का बचाव
सोना मोहपात्र ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए आलिया भट्ट का सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि यह एक लाइव शो था, जहां न तो रीटेक होता है और न ही एडिटिंग या फिल्टर का सहारा मिलता है। ऐसे में स्टेज पर होस्टिंग करना अपने आप में बड़ी बात है। सोना ने कहा कि इंडस्ट्री में कई कलाकार तो स्टेज पर माइक उठाने से भी कतराते हैं, जबकि आलिया ने हिम्मत दिखाते हुए होस्टिंग की। उनके मुताबिक, कोशिश करना ही अपने आप में एक बड़ी बात है और इसके लिए सराहना मिलनी चाहिए।

यें भी पढ़ें : डिनर के बाद खाएं सिर्फ 1 चम्मच ये बीज, शरीर से बाहर निकलेगा खराब कोलेस्ट्रॉल
ऑडियंस पर भी उठाए सवाल
सोना मोहपात्र ने अवॉर्ड शोज की ऑडियंस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अक्सर बॉलीवुड सितारे स्टेज पर परफॉर्म कर रहे कलाकारों को सपोर्ट नहीं करते और बिना रिएक्शन के बैठे रहते हैं, जिससे परफॉर्म करना और मुश्किल हो जाता है। सोना ने शबाना आजमी के मिजवान फैशन शो का जिक्र करते हुए बताया कि वहां भी बड़े-बड़े सितारे मौजूद होते हैं, लेकिन स्टेज पर चल रहे एक्ट पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं देते। ऐसी स्थिति में परफॉर्म करना किसी भी कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण होता है।
‘जाकिर खान से तुलना गलत’
सोना मोहपात्र ने यह भी साफ कहा कि जाकिर खान से आलिया भट्ट की तुलना करना गलत है, क्योंकि जाकिर एक प्रोफेशनल स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं और उस फील्ड में एक्सपर्ट हैं। वीडियो के अंत में सोना ने बॉलीवुड इंडस्ट्री पर तंज कसते हुए कहा, थोड़ा हंसना सीखो यार… उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग उनकी बात से सहमत नजर आ रहे हैं।

