मशहूर Actor का 80 साल की उम्र में निधन, कार्डियक अरेस्ट बना मौत का कारण
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 12:33 PM (IST)
नारी डेस्क : बंगाली मनोरंजन जगत के लिए दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ अभिनेता तमाल रॉय चौधरी का 9 मार्च को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार के अनुसार, दक्षिण कोलकाता स्थित उनके घर पर नींद के दौरान कार्डियक अरेस्ट आने से उनका देहांत हो गया। उनके निधन की खबर से बंगाली फिल्म और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
नींद में आया कार्डियक अरेस्ट
परिवार के मुताबिक, तमाल रॉय चौधरी अपने घर पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान नींद में ही उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उन्होंने अंतिम सांस ली। अचानक हुए इस दुखद हादसे ने उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बता दें की अभिनेता और राजनेता देबदत घोष ने भी तमाल रॉय चौधरी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि तमाल रॉय चौधरी बेहद मिलनसार और गर्मजोशी से भरे इंसान थे। उन्हें लोगों से बातचीत करना बहुत पसंद था और वे अपने जूनियर कलाकारों के साथ हमेशा स्नेह और सम्मान से पेश आते थे। जब भी किसी को काम के दौरान मदद की जरूरत होती, वह सबसे पहले आगे आते थे।

थिएटर से शुरू हुआ था अभिनय सफर
तमाल रॉय चौधरी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। रंगमंच उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा था और यहीं से उन्होंने अभिनय की मजबूत नींव रखी। थिएटर में वर्षों तक काम करने के बाद उन्होंने टेलीविजन और फिल्मों की ओर रुख किया। 1990 के दशक के मध्य में उन्होंने बंगाली टेलीविजन में काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे वह छोटे पर्दे का जाना-पहचाना चेहरा बन गए। कई लोकप्रिय धारावाहिकों में उन्होंने सहायक भूमिकाएं निभाईं और दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा उन्होंने कई चर्चित बंगाली फिल्मों में भी काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘चैलेंज’, ‘ले हलुआ ले’, ‘बिंदास’, ‘अमेज़न अभियान’ और ‘चांदर पहाड़’ जैसी फिल्में शामिल हैं। साथ ही वह ‘जातिस्वर’ और ‘गोरस्थाने सबधान’ जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों में भी नजर आए।
यें भी पढ़ें : लिवर खराब होने से पहले शरीर में दिखते हैं 4 संकेत, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
लंबे समय से थे अस्वस्थ
पिछले कुछ वर्षों से तमाल रॉय चौधरी की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके कारण उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली थी। हालांकि वे पर्दे पर कम दिखाई देने लगे थे, लेकिन बंगाली मनोरंजन जगत में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले तमाल रॉय चौधरी अब भले ही इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनकी कला और यादें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

