महिलाओं की मांग में सजने वाले सिंदूर का भी होता है पौधा, यहां जानें कहां मिलता है ये
punjabkesari.in Tuesday, May 27, 2025 - 07:30 PM (IST)

नारी डेस्क: सिंदूर का भारतीय संस्कृति में बड़ा महत्व है, अब इसकी ताकत पूरी दुनिया ने देखी। पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया गया। इस ऑपरेशन से महिलाओं को ये संदेश दिया गया कि अगर कोई उनके सिंदूर पर बुरी नजर रखेगा तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद गुजरात के पहले दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करने के लिए उन्हें खास तोहफा दिया गया।
पीएम को मिला खास पौधा
पीएम मोदी को कच्छ में 1971 के युद्ध की वीर महिलाओं ने सिंदूर का पौधा भेंट किया।पीएम मोदी ने इस पौधे को नई दिल्ली स्थित लोक कल्याण मार्ग के अपने निवास में लगाने का ऐलान किया है।बहुत से लोग अब तक सिंदूर के पौधे को लेकर अंजान थे। बता दें कि इसे इसे अंग्रेजी में kumkum Tree या kamila Tree कहते हैं। इसमें लाल कलर के फल उगते हैं, इसकी मदद से ही पाउडर और लिक्विड फॉर्म में सिंदूर या लिपस्टिक बनाई जाती है।
कैसा होता है सिंदूर का पौधा ?
सिंदूर बनाने के लिए आमतौर पर कुसुंबा (Safflower) या कुमकुम (Vermilion) के पौधे का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर पलाश के पौधे से भी सिंदूर तैयार किया जाता है। पलाश को अंग्रेज़ी में Flame of the Forest कहा जाता है। कुसुंबा और पलाश पौधे की पत्तियां और बीज में प्राकृतिक रंग होता है, जिसका उपयोग सिंदूर बनाने में किया जाता है।सिंदूर के लिए उपयोग किए जाने वाले पौधे, जैसे कि पलाश और कुसुंबा, भारत के विभिन्न हिस्सों में उगाए जाते हैं
सिंदूर बनने की प्रक्रिया
कुसुंबा के पौधे के फूल और बीज से नारंगी और लाल रंग का प्राकृतिक पाउडर प्राप्त किया जाता है। इसे सूखा कर और पिसा कर पाउडर बनाया जाता है, जिसे सिंदूर के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। वहीं पलाश के फूलों को सुखाया जाता है और फिर उनका रंग निकाला जाता है। इस प्राकृतिक रंग को सिंदूर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें प्राकृतिक लाल रंग होता है, जो सिंदूर का मुख्य गुण होता है। कमीला के पेड़ से निकले वाले संदूर का प्रयोग उच्च श्रेणी की लिपस्टिक बनाने में किया जाता है, इससे दवाएं भी बनती है।
घर में इस तरह उगाएं सिंदूर का पौधा
अगर आप सिंदूर का पौधा घर में लगाना चाहते हैं, तो सही बीज का चुनाव करना बहुत ज़रूरी है। सिंदूर के पौधे और फल के विकास के लिए आप जैविक खाद का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा गाय, भैंस आदि जानवर के गोबर को भी खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। लगभग दस से बारह महीने बाद पौधे में फल होने लगता है जिसे आप पकने तक छोड़ दें। जब फल लाल रंग का हो जाए तो आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
सिंदूर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व
सिंदूर का हिंदू धर्म में एक विशेष महत्व है। इसे विवाहित महिलाओं द्वारा मांग में लगाया जाता है, और यह वैवाहिक जीवन का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक अनुष्ठानों और त्योहारों में भी सिंदूर का इस्तेमाल होता है, जैसे कि दुर्गा पूजा में देवी दुर्गा को सिंदूर चढ़ाया जाता है।इस प्रकार, सिंदूर का पौधा प्रकृति से प्राप्त एक महत्वपूर्ण तत्व है, और इसे पारंपरिक रूप से प्राकृतिक तरीकों से बनाया जा सकता है।