मिर्जापुर: द मूवी के गाने पर विवाद, हटाने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा मामला

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 01:09 PM (IST)

नारी डेस्क : पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म जहां अपने किरदारों और कहानी को लेकर दर्शकों का ध्यान खींच रही है, वहीं अब इसके एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के क्लाइमेक्स में इस्तेमाल किए गए ‘शूरवीर’ गाने को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में गाने के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे फिल्म से हटाने या बदलने की मांग की गई है।

‘शूरवीर’ गाने को लेकर क्या है विवाद?

दरअसल, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के क्लाइमेक्स में ‘शूरवीर’ गाना इस्तेमाल किया गया है। इसी को लेकर प्रशांत कुमार सिंह नाम के एक याचिकाकर्ता ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में इस गाने का इस्तेमाल काल्पनिक गैंगस्टरों के महिमामंडन के संदर्भ में किया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि ‘शूरवीर’ गीत मूल रूप से राजस्थान के वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की वीरता और उनके गौरव को समर्पित है। उनका आरोप है कि फिल्म में इस गीत को गैंगस्टर किरदारों के संदर्भ में इस्तेमाल करने से इसके मूल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ में बदलाव आता है। याचिका में यह भी कहा गया है कि इस तरह के इस्तेमाल से दर्शकों के बीच महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक विरासत और फिल्म के काल्पनिक गैंगस्टर किरदारों के बीच गलत जुड़ाव बनने की आशंका है।

PunjabKesari

फिल्म से गाना हटाने की मांग

प्रशांत कुमार सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट में दायर याचिका के जरिए फिल्म के क्लाइमेक्स से ‘शूरवीर’ ट्रैक को हटाने या उसकी जगह किसी अन्य गाने का इस्तेमाल करने का निर्देश देने की मांग की है। अब इस मामले में अदालत का रुख क्या रहता है, इस पर सभी की नजरें हैं। ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा जितेंद्र कुमार और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को लेकर पहले से बनी दर्शकों की उत्सुकता के बीच अब ‘शूरवीर’ गाने का विवाद भी सुर्खियों में आ गया है।

यें भी पढ़: नाखून चबाने की आदत पड़ी भारी! 21 साल की महिला की उंगली में हुआ गंभीर इंफेक्शन


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static