दवा से नहीं, Music से कंट्रोल करें हाई ब्लड प्रैशर, जानिए कैसे?
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 11:24 AM (IST)
नारी डेस्क: तनाव और घबराहट के कारण कई बार इमरजेंसी में मरीज का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ जाता है। ऐसे समय में दवाओं के साथ मरीज को शांत रखने के लिए कुछ गैर-दवा तरीकों का इस्तेमाल भी मददगार हो सकता है। तुर्की के अंकारा सिटी हेल्थ एप्लीकेशन एंड रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिकों की एक स्टडी में वर्चुअल रियलिटी (VR) और संगीत के इस्तेमाल को लेकर ऐसे ही नतीजे सामने आए हैं। शोध में पाया गया कि बहुत ज्यादा बढ़े हुए ब्लड प्रेशर वाले मरीजों को मानक दवाओं के साथ अगर शांत करने वाले दृश्य और संगीत दिए जाएं, तो शुरुआती समय में उनका ब्लड प्रेशर और तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।
मरीजों को दो समूहों में बांटा गया
इस शोध में अत्यधिक हाई ब्लड प्रेशर वाले वयस्क मरीजों को शामिल किया गया। उन्हें दो बराबर समूहों में बांटा गया। दोनों समूहों को ब्लड प्रेशर कम करने वाली सामान्य दवाएं दी गईं। हालांकि, एक समूह को दवाओं के साथ VR हेडसेट और संगीत भी सुनाया गया, जबकि दूसरे समूह को सिर्फ सामान्य इलाज दिया गया। VR इस्तेमाल करने वाले मरीजों को हेडसेट के जरिए बहती नदी, हरे-भरे जंगल और लकड़ी के पुल जैसे शांत और प्राकृतिक नजारे दिखाए गए। इसके साथ उन्हें महान संगीतकारों का शास्त्रीय संगीत भी सुनाया गया।

तनाव में भी आई कमी
शोध के दौरान शुरुआत में VR वाले मरीज दूसरे समूह की तुलना में ज्यादा घबराए हुए थे। लेकिन करीब दो घंटे के दौरान उनके तनाव के स्तर में औसतन 8 अंकों की कमी देखी गई। वहीं सामान्य इलाज वाले समूह में तनाव के स्तर में करीब 4 अंकों की गिरावट हुई। दो घंटे के अंत तक दोनों समूहों में एंग्जायटी का स्तर लगभग समान हो गया।
ये भी पढ़ें: खून को पतला रखने के लिए जरूरी हैं ये चीजें, नहीं तो बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा
15 मिनट में दिखा ब्लड प्रेशर पर असर
शोध में ब्लड प्रेशर के स्तर को भी देखा गया। सामान्य इलाज वाले समूह की तुलना में VR और संगीत वाले मरीजों का मीन आर्टेरियल प्रेशर (MAP) करीब 15 मिनट के अंदर कम होने लगा। 15 मिनट के बाद VR वाले समूह में ब्लड प्रेशर में करीब 12 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई। 30 मिनट पर यह कमी करीब 14 से 15 प्रतिशत तक पहुंच गई। हालांकि, 60 मिनट के बाद दोनों समूहों के ब्लड प्रेशर का स्तर लगभग एक जैसा हो गया। इसका मतलब यह है कि VR और संगीत का असर खास तौर पर शुरुआती समय में देखने को मिला।

दवाओं का विकल्प नहीं है ये तरीका
विशेषज्ञों का मानना है कि इमरजेंसी विभाग में ऐसे मरीजों को जल्दी शांत करने और शुरुआती ब्लड प्रेशर कंट्रोल में यह तरीका उपयोगी हो सकता है। जर्मनी के इमरजेंसी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. फीलिक्स लोरैंग ने भी इसे एक सुरक्षित अतिरिक्त विकल्प बताया है। हालांकि, VR और संगीत को ब्लड प्रेशर की दवाओं का विकल्प नहीं माना जा सकता। इसका इस्तेमाल डॉक्टर की निगरानी में सामान्य इलाज के साथ एक अतिरिक्त उपाय के तौर पर किया जा सकता है। इसका उद्देश्य मरीज के तनाव और घबराहट को कम करके शुरुआती इलाज में मदद करना है।
क्या इसका मतलब दवा की जरूरत नहीं पड़ेगी?
ऐसा नहीं है। हाई ब्लड प्रेशर एक गंभीर स्थिति हो सकती है और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं लेना जरूरी होता है। इस शोध से सिर्फ यह संकेत मिलता है कि शांत वातावरण, संगीत और VR जैसी तकनीकें मरीज को रिलैक्स करने और शुरुआती ब्लड प्रेशर कंट्रोल में अतिरिक्त मदद कर सकती हैं। इसलिए हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को अपनी दवा बंद करने या उसकी मात्रा बदलने का फैसला खुद नहीं करना चाहिए। किसी भी बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।


