60 की उम्र में मिलिंद सोमन ने रचा इतिहास, यूरोप से अफ्रीका तक तैरकर तय की 15 km की दूरी

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 10:59 AM (IST)

नारी डेस्क: फिटनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके मिलिंद सोमन ने एक बार फिर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। 60 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण ओपन वॉटर रूट्स में शामिल स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर को तैरकर पार कर लिया। मिलिंद ने स्पेन के टैरिफा से मोरक्को के तट तक करीब 15 किलोमीटर की दूरी खुले समुद्र में तैरते हुए पूरी की। उनकी इस उपलब्धि की चर्चा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में हो रही है।

यूरोप से अफ्रीका तक तैरकर पहुंचे मिलिंद सोमन

अक्सर लोग बढ़ती उम्र के साथ खुद को सीमित करने लगते हैं, लेकिन मिलिंद सोमन लगातार यह साबित कर रहे हैं कि फिटनेस और मजबूत इरादों के सामने उम्र सिर्फ एक संख्या है। उन्होंने यूरोप और अफ्रीका को अलग करने वाले मशहूर जिब्राल्टर जलडमरूमध्य को पार किया। यह समुद्री रास्ता अपनी तेज धाराओं, बदलते मौसम और भारी समुद्री ट्रैफिक के कारण बेहद कठिन माना जाता है। ऐसे में इसे तैरकर पार करना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

दुनिया की सबसे मुश्किल ओपन वॉटर स्विमिंग में से एक

स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर को दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण ओपन वॉटर स्विमिंग जर्नी में गिना जाता है। यहां समुद्र की धाराएं अचानक बदल जाती हैं और मौसम भी पल-पल करवट लेता है। ऐसे कठिन हालात में करीब 15 किलोमीटर की दूरी तैरकर तय करना शारीरिक ताकत के साथ-साथ जबरदस्त मानसिक संतुलन भी मांगता है। यही वजह है कि मिलिंद की इस उपलब्धि को फिटनेस जगत में बेहद खास माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर खुद साझा की खुशखबरी

मिलिंद सोमन ने अपनी इस शानदार उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि 1 मई को उन्होंने स्पेन के टैरिफा से मोरक्को के तट तक सबसे कम दूरी वाला लगभग 15 किलोमीटर का रूट तैरकर पूरा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह उनके जीवन के सबसे खूबसूरत स्विमिंग अनुभवों में से एक रहा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस सफर से जुड़ी पूरी कहानी जल्द शेयर करेंगे।

ये भी पढ़ें:  Miss India का ताज छोड़ Kashish Methwani बनीं इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट

गोवा में भी पूरी कर चुके हैं लंबी समुद्री तैराकी

यह पहला मौका नहीं है जब मिलिंद सोमन ने अपनी फिटनेस से लोगों को चौंकाया हो। इससे पहले अप्रैल में उन्होंने गोवा में 20 किलोमीटर लंबी समुद्री तैराकी पूरी की थी। इस चुनौती को पूरा करने में उन्हें करीब 8 घंटे का समय लगा था। इसके अलावा होली के दौरान भी उन्होंने गोवा के समुद्र में लंबी दूरी की तैराकी की थी, जिसमें उनकी पत्नी अंकिता कोंवर भी शामिल हुई थीं। दोनों अक्सर फिटनेस और एडवेंचर से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।

600 किलोमीटर का सफर दौड़ और साइकिल से किया पूरा

मिलिंद सोमन सिर्फ तैराकी ही नहीं, बल्कि रनिंग और साइक्लिंग में भी अपनी जबरदस्त फिटनेस का परिचय दे चुके हैं। उन्होंने मुंबई से गोवा तक करीब 600 किलोमीटर का सफर दौड़कर और साइकिल चलाकर पूरा किया था। इस पूरे सफर को पूरा करने में उन्हें 5 दिन लगे थे। खास बात यह है कि मिलिंद अक्सर नंगे पैर दौड़ते हैं और इसी अंदाज के कारण वे काफी चर्चा में रहते हैं।

अल्ट्रा मैराथन जीतकर भी बना चुके हैं रिकॉर्ड

फिटनेस के प्रति उनका जुनून किसी से छिपा नहीं है। मिलिंद सोमन फ्लोरिडा में आयोजित 517 किलोमीटर लंबी अल्ट्रा मैराथन भी जीत चुके हैं। उनका मानना है कि नंगे पैर दौड़ने से शरीर कम थकता है और यह शरीर को प्रकृति के ज्यादा करीब रखता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static