Weather Update: देशभर में बदला मौसम का मिजाज, 15 राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट!

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 11:15 AM (IST)

नारी डेस्क: देश में इन दिनों मौसम का रंग बिल्कुल अलग-अलग नजर आ रहा है। एक तरफ कुछ राज्यों में तेज आंधी और बारिश हो रही है, तो दूसरी ओर कई इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों को लेकर अहम अपडेट जारी किया है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर, बदल रहा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके साथ पछुआ हवाएं भी चल रही हैं। उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में जेट स्ट्रीम का असर देखने को मिल रहा है। इन्हीं वजहों से अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

आज हो सकती है भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में गर्मी के बीच राहत के संकेत

राजधानी दिल्ली इन दिनों तेज गर्मी से जूझ रही है। हाल ही में अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है। 26 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं चलने की संभावना है। सुबह और शाम के समय हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम ठंडा रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिसकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आंधी-बारिश

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 26 से 30 अप्रैल के बीच मौसम बदल सकता है। राजस्थान में भी 27 से 29 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।

ये भी पढ़ें:  Sita Navami 2026: आज करें ये खास उपाय, दांपत्य जीवन में आएगी खुशहाली

पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाओं का अलर्ट

असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 से 30 अप्रैल के बीच तेज आंधी और बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना जताई गई है, जिससे नुकसान हो सकता है।

पूर्वी भारत में ओले और बारिश की संभावना

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम बिगड़ सकता है। इन राज्यों में 27 से 30 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है। तेज हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

PunjabKesari

मध्य और दक्षिण भारत का हाल

मध्य भारत के छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

कई राज्यों में लू का कहर जारी

मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी भी दी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और कुछ दक्षिणी राज्यों में गर्मी का असर बना रहेगा। कुछ जगहों पर रात का तापमान भी ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static