हिना खान ने रॉकी साथ 15 मिनट में क्यों की थी शादी, एक्ट्रेस ने किया खुलासा

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 11:47 AM (IST)

नारी डेस्क : टीवी की मशहूर एक्ट्रेस हिना खान और रॉकी जायसवाल की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों करीब 13 साल तक रिलेशनशिप में रहे और फिर 4 जून 2025 को शादी के बंधन में बंध गए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस कपल ने अपनी शादी की रस्में महज 15 मिनट से भी कम समय में पूरी कर ली थीं? हाल ही में सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट में हिना खान ने अपनी शादी से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक्ट्रेस ने बताया कि कैंसर के इलाज के दौरान उन्होंने अचानक रॉकी से शादी करने का फैसला लिया था। आइए जानते हैं आखिर क्यों हिना ने इतनी जल्दबाजी में शादी की थी।

हिना खान ने रॉकी से 15 मिनट में क्यों की थी शादी?

सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान हिना खान ने बताया कि कैंसर के इलाज के समय उनकी जिंदगी काफी मुश्किल दौर से गुजर रही थी। उस वक्त उन्होंने रॉकी से साफ कह दिया था कि या तो वह किसी और से शादी कर लें या फिर उनसे ही शादी कर लें, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि आने वाला कल कैसा होगा। हिना ने बताया कि यह फैसला पहले से प्लान नहीं किया गया था, बल्कि परिस्थितियों को देखते हुए अचानक लिया गया था। उन्होंने कहा कि शादी की पूरी प्रक्रिया 15 मिनट से भी कम समय में पूरी हो गई थी। रॉकी भी इस फैसले के लिए तैयार थे और उन्होंने बिना देर किए हिना का साथ दिया।

शादी के बाद भी नहीं बदला हिना और रॉकी का रिश्ता

हिना ने बातचीत में यह भी बताया कि शादी के बाद उनके रिश्ते में कुछ खास नहीं बदला। उनके मुताबिक, शादी उनके प्यार और साथ को परिभाषित नहीं करती। दोनों पहले की तरह ही एक-दूसरे के साथ सहज और खुश हैं। एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्हें अपनी पहली शादी की सालगिरह तक याद नहीं रही थी। जब लोगों ने उन्हें बधाई देना शुरू किया, तब उन्हें इस खास दिन का एहसास हुआ। हिना के मुताबिक, वे और रॉकी तारीखों से ज्यादा साथ बिताए गए पलों को महत्व देते हैं।

कैंसर के मुश्किल दौर में रॉकी ने नहीं छोड़ा हिना का साथ

हिना खान ने पहले भी कई मौकों पर बताया है कि कैंसर के इलाज के दौरान रॉकी उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बने रहे। उस मुश्किल समय में एक्ट्रेस ने रॉकी को किसी और से शादी करने की सलाह तक दे दी थी। उन्हें लगता था कि वह नहीं जानतीं कि आगे जिंदगी में क्या होने वाला है। लेकिन रॉकी ने उनका साथ छोड़ने के बजाय हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का फैसला किया। हिना के मुताबिक, उस कठिन दौर में रॉकी के प्यार और सहयोग ने उन्हें हिम्मत दी।

'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी

हिना खान और रॉकी जायसवाल की मुलाकात टीवी शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर हुई थी। उस समय हिना शो में अक्षरा का किरदार निभा रही थीं, जबकि रॉकी शो की प्रोडक्शन टीम से जुड़े हुए थे। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब 13 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 4 जून 2025 को शादी कर ली। हिना और रॉकी ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की थी। अपनी शादी को लेकर उठे सवालों पर भी हिना ने साफ कहा था कि उन्हें लोगों की बातों से फर्क नहीं पड़ता। उनके लिए सबसे ज्यादा मायने उनका रिश्ता और एक-दूसरे के प्रति प्यार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static