Anil Kapoor के घर में मातम का माहौल, सबसे करीबी का हुआ निधन
punjabkesari.in Friday, May 02, 2025 - 07:16 PM (IST)

नारी डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर कपूर परिवार के लिए 2 मई की शाम एक बेहद दुखद खबर लेकर आई। अनिल कपूर, बोनी कपूर और संजय कपूर की मां, श्रीमती निर्मल कपूर का निधन हो गया। वो 90 साल की थीं। इस खबर से न सिर्फ कपूर परिवार बल्कि उनके फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
कोकिलाबेन अस्पताल में चल रहा था इलाज
निर्मल कपूर पिछले एक हफ्ते से मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती थीं। वहीं उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। फिलहाल परिवार की ओर से किसी तरह का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन परिवार के करीबी इस खबर की पुष्टि कर चुके हैं।
मां से बेहद जुड़े थे तीनों बेटे
अनिल कपूर, बोनी कपूर और संजय कपूर अपनी मां निर्मल से बेहद प्यार और लगाव रखते थे। उनकी अचानक हुई मृत्यु ने पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। अब जब दोनों माता-पिता इस दुनिया में नहीं रहे, तो तीनों बेटों के सिर से मां-बाप का साया पूरी तरह उठ गया है।
आखिरी बार परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था
पिछले साल 27 सितंबर को निर्मल कपूर ने अपना 90वां जन्मदिन मनाया था। उस मौके पर अनिल कपूर ने सोशल मीडिया पर परिवार के साथ कई तस्वीरें शेयर की थीं। उन तस्वीरों में अनिल कपूर के साथ उनके भाई संजय कपूर और बोनी कपूर भी नजर आए थे। परिवार एक साथ बहुत खुश और मिलकर मां के साथ खास पल बिता रहा था इन तस्वीरों में अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर अपनी सासु मां के बगल में बैठी थीं। साथ ही बोनी कपूर की बेटी जान्हवी कपूर और संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर भी नजर आई थीं।
ये भी पढ़े: प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, आश्रम ने दर्शन और पदयात्रा पर लगाई रोक
पिता सुरिंदर कपूर का निधन पहले ही हो चुका है
यह पहला मौका नहीं है जब कपूर परिवार ने अपना कोई परिवार का स्तंभ खोया है। साल 2011 में सुरिंदर कपूर, यानी अनिल, संजय और बोनी कपूर के पिता का निधन हो गया था। अब जब मां निर्मल कपूर का भी निधन हो गया, तो यह परिवार के लिए एक और गहरा सदमा है।
एक समय था जब सुरिंदर कपूर, अपनी पत्नी निर्मल और बच्चों के साथ पृथ्वीराज कपूर के गैराज में रहते थे। ये वो समय था जब सुरिंदर कपूर ने साउथ इंडस्ट्री से मुंबई का रुख किया था।
अपने संघर्ष के दिनों में उन्होंने पत्नी निर्मल के साथ मिलकर अपने बच्चों की परवरिश की। उसी मेहनत का नतीजा है कि आज उनके तीनों बेटे बोनी कपूर, अनिल कपूर और संजय कपूर – बॉलीवुड के जाने-माने नाम हैं।
निर्मल कपूर का जाना कपूर परिवार के लिए भावनात्मक क्षति है। फैंस और इंडस्ट्री के लोग अब उनके परिवार के लिए संवेदनाएं और प्रार्थनाएं भेज रहे हैं।