क्रिकेट जगत में पसरा मातम, पूर्व भारतीय क्रिकेटर का हुआ निधन
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 06:39 PM (IST)
नारी डेस्क : भारतीय क्रिकेट इतिहास में दुखद खबर है। भारत की पहली बार टेस्ट मैच जीतने वाली टीम के सदस्य और दिग्गज बल्लेबाज सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सीडी गोपीनाथ भारत की उस ऐतिहासिक टीम के आखिरी जीवित सदस्य थे।
सीडी गोपीनाथ का जीवन और क्रिकेट करियर
1930 में मद्रास (अब चेन्नई) में जन्मे चिंगलपुट डोराईकन्नू गोपीनाथ ने 1951 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। 9 साल तक राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने वाले गोपीनाथ अपने समय के फर्स्ट क्लास क्रिकेट के शीर्ष बल्लेबाजों में से एक थे।गोपीनाथ ने घरेलू क्रिकेट में मद्रास की कप्तानी भी की और रिटायरमेंट के बाद नेशनल सिलेक्टर और 1979 के इंग्लैंड दौरे पर भारत के मैनेजर के रूप में योगदान दिया। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 83 मैचों में 42.16 के औसत से 4259 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 234 रन था।

यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास
इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन
1951-52 में भारत और इंग्लैंड के बीच हुई टेस्ट सीरीज में गोपीनाथ ने डेब्यू किया। उन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में नाबाद 50 रन और दूसरी पारी में 42 रन बनाए। सीरीज के आखिरी मैच में एमए चिदंबरम स्टेडियम में गोपीनाथ ने 35 रन का योगदान दिया और भारत ने अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की।

अंतिम समय
गोपीनाथ अपने समय में भारतीय क्रिकेट के गौरवशाली सितारों में से एक थे। वे अपनी बेटी के घर अड्यार में रह रहे थे और गुरुवार को नींद में शांतिपूर्वक दुनिया को अलविदा कह गए। उनके निधन से भारतीय क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।

