59 की उम्र में इस फेमस खिलाड़ी का निधन, बेटी बोली- 15 मिनट में ही सब कुछ हो गया तबाह
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 04:58 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉक्सिंग की दुनिया पूर्व मिडिलवेट चैंपियन जॉर्ज 'लोकोमोटोरा' कास्त्रो के निधन पर शोक मना रही है। 59 साल की उम्र में उनका दुखद निधन हो गया। अर्जेंटीना के रहने वाले कास्त्रो ने अपने 20 साल के करियर में कुल 144 मुकाबले लड़े थे। बुधवार को एक बिंगो हॉल में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। दिवंगत कास्त्रो के लिए श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई है, वे अपने देश और पूरी दुनिया में बेहद लोकप्रिय थे।

फैंस का टूटा दिल
बॉक्सिंग के एक प्रशंसक ने X पर लिखा- ““उन्होंने अपनी आजीविका कमाने के लिए मुट्ठियां भींचीं, और जिन्हें सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, उनकी मदद के लिए अपने हाथ खोले। यही थे जॉर्ज ‘रोन्या’ कास्त्रो: एक ऐसे इंसान, जिन्होंने रिंग में शोहरत हासिल करने के बाद भी, गरीबी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखी।” कैस्ट्रो की बेटी, क्विमली ने ब्यूनस आयर्स स्थित घर के बाहर एक इंटरव्यू में बहुत दुखी मन से अपने पिता के निधन का कारण बताया। उन्होंने कहा: "मेरे पिता का निधन स्वाभाविक था। उन्हें हार्ट अटैक आया था। उनके सीने में दर्द शुरू हुआ और वे इसे बर्दाश्त नहीं कर पाए।"
बेटी ने आखिरी पलों को किया याद
कास्त्रो की बेटी ने बताया- "यह सब बस 15 मिनट के अंदर हो गया, "वे मेरे और मेरी मां के साथ थे।"अपने पिता के आखिरी पलों को याद करते हुए उन्होंने आगे कहा- "हम सब ठीक थे तभी अचानक उन्होंने मुझसे कहा- 'मैं बाथरूम जा रहा हूं। वे बाथरूम गए और जब वापस आए तो बोले, 'मेरे सीने में थोड़ा दर्द हो रहा है, मैंने उनसे कहा, 'ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि आप बहुत ज़्यादा स्मोकिंग करते हैं।'उन्होंने मुझसे कहा- ‘बेटी, बहुत दर्द हो रहा है। तभी हमने वहां मौजूद अधिकारियों को बुलाया, वे उन्हें एक अलग कमरे में ले गए, वहां अकेले में उन्हें CPR देना शुरू किया, और बस सब खत्म हो गया।”

दुनिया थी उनके खेल की दिवानी
कास्त्रो 1987 में प्रोफेशनल बने। सात साल बाद उनका विश्व चैंपियन बनने का सपना तब पूरा हुआ, जब उन्होंने रेगी जॉनसन को हराकर WBA 160lbs का खिताब अपने नाम किया। विश्व खिताब जीतने का यह उनका दूसरा मौका था। इससे लगभग तीन साल पहले, टेरी नॉरिस के खिलाफ WBC लाइट-मिडलवेट बेल्ट जीतने की उनकी कोशिश नाकाम रही थी। अर्जेंटीना के बाहर, दिवंगत कास्त्रो जिन्होंने रॉबर्टो डुरान और रॉय जोन्स जूनियर जैसे दिग्गजों के साथ रिंग साझा की थी को मुख्य रूप से डेविड जैक्सन के खिलाफ उनकी शानदार वापसी वाली जीत के लिए याद किया जाता है।

