सिंगर के पिता का 72 साल की उम्र में हुआ निधन, भावुक पोस्ट शेयर कर बयां किया दर्द
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 06:09 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नीति मोहन और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नीति के पिता बृज मोहन शर्मा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 15 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। नीति ने रविवार, 18 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर पिता के निधन की जानकारी दी। उन्होंने अपने पिता को परिवार का मार्गदर्शक और मजबूत आधार बताते हुए कहा कि उनकी सीख, संस्कार और प्यार हमेशा परिवार के साथ रहेंगे। उनके निधन की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। इस दुखद खबर के सामने आने के बाद फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों ने नीति मोहन और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पिता को याद कर भावुक हुईं नीति मोहन
नीति मोहन ने अपने पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि उनके पिता एक प्यारे पति और पिता होने के साथ-साथ पूरे परिवार के मार्गदर्शक थे। उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और निस्वार्थ प्रेम हमेशा परिवार के दिलों में जीवित रहेंगे। नीति ने आगे लिखा कि पिता के जाने से परिवार में ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। हालांकि, उनकी सीख, आशीर्वाद और खूबसूरत यादें जीवनभर परिवार का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उन्होंने अपने पिता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए लिखा कि परिवार उन्हें बहुत याद करेगा।

बॉलीवुड और संगीत जगत के सितारों ने जताया शोक
नीति मोहन की इस भावुक पोस्ट के बाद मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया। अभिनेत्री नेहा धूपिया, श्रेयस तलपड़े, मनीष पॉल, गायिका श्रेया घोषाल, निकिता गांधी, गौहर खान, दीया मिर्जा, अपारशक्ति खुराना, हिमेश रेशमिया, शंकर महादेवन और राहुल वैद्य समेत कई सितारों ने परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस मुश्किल समय में सितारों ने नीति और उनके परिवार को हिम्मत देने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर भी प्रशंसक उनके पिता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
यें भी पढें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
चार बेटियों के लिए हमेशा बने रहे मजबूत सहारा
बृज मोहन शर्मा एक सरकारी अधिकारी और लेखक थे। परिवार में उनका खास स्थान था। वह नीति मोहन के अलावा शक्ति मोहन, मुक्ति मोहन और कृति मोहन के पिता थे। उनकी बेटियों के जीवन और करियर में उनका अहम योगदान रहा। जब उनकी बेटियां अपने-अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रही थीं, तब बृज मोहन शर्मा ने उनका साथ दिया और उन्हें प्रोत्साहित किया। उनकी बेटियों ने मनोरंजन जगत में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई। नीति मोहन ने गायिकी की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई, जबकि शक्ति मोहन ने डांस के क्षेत्र में नाम कमाया। मुक्ति मोहन भी डांस और अभिनय के लिए जानी जाती हैं। वहीं, कृति मोहन ने भी अपनी अलग पहचान बनाई है।

