जवान दिखने की दवाएं ले रही थीं शेफाली, पति पराग त्यागी का पुलिस ने दर्ज किया बयान

punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 11:54 AM (IST)

नारी डेस्क:  ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचा है। उनकी मौत के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज़ कर दी है। पुलिस ने उनके पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी का बयान उनके घर पर दर्ज किया है।

 पति ने बताया- पहले से चल रहा था इलाज

पराग त्यागी ने पुलिस को बताया कि शेफाली बीते कुछ वर्षों से युवा दिखने के लिए एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं। वह नियमित रूप से विटामिन C और ग्लूटाथियोन नाम की दवाएं लेती थीं। इन दवाओं का उपयोग आमतौर पर त्वचा की चमक बनाए रखने और फेयरनेस के लिए किया जाता है।

 डॉक्टर ने दी सफाई

डॉक्टरों का कहना है कि इन दवाओं का दिल से कोई संबंध नहीं होता। ये सिर्फ त्वचा पर असर डालती हैं। डॉक्टर ने यह भी बताया कि शेफाली पूरी तरह फिट थीं और उन्होंने कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं की थी।

 अब तक 4 लोगों के बयान दर्ज

मुंबई पुलिस ने अब तक कुल चार लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें दो घरेलू नौकर, एक सिक्योरिटी गार्ड और पराग त्यागी शामिल हैं। शेफाली की डेड बॉडी को कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतज़ार है और मौत के सही कारण की पुष्टि तभी हो पाएगी।

 सेलेब्स में शोक की लहर

शेफाली की अचानक मौत से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। रश्मि देसाई, अली गोनी, काम्या पंजाबी, दिव्यांका त्रिपाठी और मीका सिंह समेत कई सितारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। हिमांशी खुराना ने तो यहां तक कहा, "बिग बॉस शायद शापित है..."

शेफाली की पर्सनल लाइफ

शेफाली की यह दूसरी शादी थी। उन्होंने पहले 2004 में हरमीत सिंह (मीट ब्रदर्स) से शादी की थी, लेकिन 2009 में तलाक ले लिया था। इसके बाद उन्होंने 2015 में पराग त्यागी से शादी की थी। दोनों की जोड़ी टीवी शोज़ में भी साथ दिखाई दी थी। शेफाली की मौत को लेकर कार्डियक अरेस्ट की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से जांच रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल हिस्ट्री के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static