तुर्की से व्यापार खत्म होने पर भारत में बढ़ेंगी इन प्रोडक्ट्स की कीमतें, लिस्ट देखिए यहां
punjabkesari.in Friday, May 16, 2025 - 12:14 PM (IST)

नारी डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय रिश्तों पर भी दिखाई देने लगा है। खासकर तुर्की को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है क्योंकि उसने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया। तुर्की द्वारा पाकिस्तान के पक्ष में बयान देने के बाद भारत में लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। सोशल मीडिया पर #BoycottTurkey ट्रेंड करने लगा है। इसका असर अब सीधा तुर्की से आने वाले सामानों की मांग पर पड़ता नजर आ रहा है।
सेब और मार्बल पर सबसे पहले असर, व्यापारियों ने लिया फैसला
भारत में सबसे पहले व्यापारियों ने तुर्की से सेब और मार्बल खरीदना बंद करने का फैसला किया है। भारत में जो भी मार्बल इस्तेमाल होता है उसमें से करीब 70% तुर्की से आता है।इसके अलावा, भारत हर साल तुर्की से 1.29 लाख टन सेब आयात करता है। ऐसे में इस बॉयकॉट का असर दोनों देशों के व्यापार पर बड़ा हो सकता है।
भारत में तुर्की से आने वाले और कौन-कौन से सामान हैं
तुर्की से भारत सिर्फ सेब और मार्बल ही नहीं मंगाता बल्कि कई और चीजें भी आती हैं जैसे कालीन (Carpets), सजावटी सामान, फर्नीचर, सिल्क और लिनन के कपड़े, जैतून का तेल, चेरी और सूखे मेवे, मसाले और हर्बल ड्रिंक्स, इंडस्ट्रियल मशीनें और खेती के उपकरण, अगर बॉयकॉट बढ़ता है तो इन सभी उत्पादों की आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ सकता है।
भारत में तुर्की के खाने का भी है बड़ा क्रेज
भारत में खासतौर पर दिल्ली जैसे बड़े शहरों में तुर्की खाने की काफी मांग है। यहां के लोग कुनाफा, तुर्किश कबाब, और शवरमा जैसे व्यंजनों को बहुत पसंद करते हैं। इन व्यंजनों की वजह से कई रेस्टोरेंट्स का बिजनेस भी अच्छा चलता है। तुर्की की मिठाई कुनाफा आज भारत के कई शहरों में फेमस हो चुकी है। इस मिठाई की लोकप्रियता का बड़ा कारण सोशल मीडिया है। कई नए रेस्टोरेंट्स ने सिर्फ कुनाफा की बदौलत पहचान बना ली है।
ये भी पढ़े: Turkey को पाकिस्तान प्रेम पड़ा महंगा, डेस्टिनेशन वेडिंग पर बैन की मांग, जानें हर साल कितनी होती हैं शादियां?
दिल्ली में मशहूर है तुर्किश कबाब का स्वाद
दिल्ली और अन्य शहरों में तुर्किश कबाब अपने खास मसालेदार और तीखे स्वाद के लिए जाने जाते हैं। लोग इन्हें बहुत पसंद करते हैं और यह व्यंजन अब बहुत से लोगों की पहली पसंद बन चुका है।
शाहीन बाग में छाया तुर्किश टी और कुनाफा का जादू
दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में तुर्किश टी, कुनाफा और कबाब बहुत मशहूर हैं। यहां लोग खासतौर से इनका स्वाद लेने आते हैं। हालांकि तुर्किश टी का स्वाद हल्का होता है, लेकिन इसका प्रेजेंटेशन बहुत खास होता है।
शवरमा बना स्ट्रीट फूड की जान
शवरमा, जो तुर्की से आया एक फास्ट फूड है, अब दिल्ली की गलियों में बहुत आम हो चुका है। इसमें चिकन या मटन की फिलिंग को रोटी जैसे रोल में भरा जाता है और चीज-मयो के साथ सर्व किया जाता है। यह फूड अब दिल्ली के लोकल स्ट्रीट फूड का हिस्सा बन चुका है।
होटल इंडस्ट्री पर भी पड़ेगा बॉयकॉट का असर
अगर तुर्की के खिलाफ चल रहा बायकॉट और तेज होता है, तो इससे भारत में मौजूद तुर्किश फूड रेस्टोरेंट्स पर असर पड़ सकता है। इनकी बिक्री घट सकती है, जिससे कई लोगों की नौकरी पर भी खतरा मंडरा सकता है।
भारत के पास हैं विकल्प, तुर्की को होगा ज्यादा नुकसान
भारत चाहे तो तुर्की से आने वाले सामानों के लिए दूसरे देशों से विकल्प खोज सकता है। लेकिन तुर्की के लिए भारत एक बड़ा बाजार है, जिसे खोना आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचा सकता है।