तुर्की पर भड़के भारतीय सितारे! दिया मुंह तोड़ जवाब, सेलेब्रिटीज़ ने किया Boycott

punjabkesari.in Wednesday, May 14, 2025 - 05:30 PM (IST)

नारी डेस्क: आजकल सोशल मीडिया पर #BoycottTurkey जमकर ट्रेंड कर रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच तुर्की और अजरबैजान ने पाकिस्तान का समर्थन किया, जिससे भारतीयों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। लोग अब इन देशों की यात्रा न करने की अपील कर रहे हैं और कई लोगों ने अपनी पहले से तय ट्रिप्स तक रद्द कर दी हैं।

हैरानी की बात यह है कि जब फरवरी 2023 में तुर्की में विनाशकारी भूकंप आया था, तब भारत ही वह पहला देश था जिसने ‘ऑपरेशन दोस्त’ के तहत मदद का हाथ बढ़ाया था। भारत ने न केवल राहत सामग्री बल्कि अपनी सेना, NDRF की टीमें और जरूरी मेडिकल सहायता भी भेजी थी। फिर भी, तुर्की ने इस मित्रता के बदले पाकिस्तान की सैन्य मदद करके भारत की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

ऐसे में भारत के कई बड़े सेलिब्रिटीज—जैसे रूपाली गांगुली, विशाल मिश्रा और कुशाल टंडन—ने तुर्की और अजरबैजान के बायकॉट की खुली अपील की है। अब देश के आम नागरिक भी इस विरोध में जुड़ते नजर आ रहे हैं।

तुर्की ने क्यों खींचा भारतीयों का गुस्सा?

दरअसल, हाल ही में खबर सामने आई कि पाकिस्तान ने भारत पर जो ड्रोन हमले किए हैं, उसमें तुर्की की मदद ली गई थी। कराची बंदरगाह पर तुर्की से भेजी गई सैन्य सामग्री भी देखी गई। यानी तुर्की ने पाकिस्तान को सैन्य मदद दी। यही नहीं, अजरबैजान ने भी पाकिस्तान का समर्थन किया है। इस बात से भारतीय लोग नाराज हो गए हैं और अब वे तुर्की व अजरबैजान की यात्रा करने से मना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार इन देशों के बायकॉट की मांग हो रही है।

भारतीयों की तुर्की और अजरबैजान में बढ़ती यात्रा

भारत से हर साल लाखों लोग विदेश घूमने जाते हैं। अमेरिका, दुबई, न्यूजीलैंड के अलावा तुर्की और अजरबैजान भी भारतीयों के पसंदीदा ट्रैवल डेस्टिनेशन बन गए थे। 2024 में लगभग 3.3 लाख भारतीय टूरिस्ट तुर्की गए। अजरबैजान घूमने गए भारतीयों की संख्या 2.4 लाख रही। हर एक पर्यटक ने औसतन 1,000 डॉलर (लगभग ₹85,000) खर्च किए। इससे तुर्की और अजरबैजान की टूरिज्म इंडस्ट्री को भारत से करोड़ों की कमाई हुई।

अब क्यों उठ रही है तुर्की-अजरबैजान के बायकॉट की मांग?

जब ये सामने आया कि तुर्की और अजरबैजान, पाकिस्तान की मदद कर रहे हैं, तो भारतीयों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर इन दोनों देशों के खिलाफ विरोध शुरू हो गया और लोग वहां ट्रैवल करने से मना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: आप्रेशन दोस्त के जवाब में तुर्की ने भेजे ड्रोन, भारत को मिला धोखा

भारतीय सेलेब्स का रिएक्शन

रूपाली गांगुली

टीवी की मशहूर अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने तुर्की और अजरबैजान के बायकॉट को लेकर सबसे पहले आवाज़ उठाई। उन्होंने न सिर्फ अपनी बात सोशल मीडिया पर बेबाकी से रखी, बल्कि देश के तमाम नागरिकों और मनोरंजन जगत से जुड़े साथियों से भी अपील की कि वे ऐसे देशों की यात्रा न करें जो भारत के खिलाफ खड़े हो रहे हैं। रूपाली का कहना है कि जब देश पर संकट हो, तो नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने तुर्की की मदद कर दोस्ती का फर्ज निभाया, लेकिन तुर्की ने बदले में पीठ में छुरा घोंपा।

PunjabKesari

विशाल मिश्रा

लोकप्रिय गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने भी इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताई और खुलकर कहा कि वे अब कभी तुर्की और अजरबैजान नहीं जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "अब न वहां छुट्टियां मनाऊंगा, न कॉन्सर्ट करूंगा। याद रखिए, कभी नहीं!" विशाल का यह बयान न सिर्फ उनके देशप्रेम को दर्शाता है, बल्कि उनके लाखों फैन्स को भी एक संदेश देता है कि अब वक्त आ गया है जब हर भारतीय को अपने फैसलों में देशहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

PunjabKesari

कुशाल टंडन

एक्टर कुशाल टंडन ने बताया कि उनकी मां और उनके दोस्तों ने तुर्की की अपनी आगामी ट्रिप कैंसिल कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिए यह जानकारी दी कि ट्रिप रद्द करने के बावजूद उन्हें होटल और एयरलाइंस से कोई रिफंड नहीं मिला, लेकिन फिर भी उन्होंने यह निर्णय देश के सम्मान और आत्मसम्मान के लिए लिया। कुशाल ने यह भी कहा कि अब वक्त आ गया है कि हम अपनी यात्राओं और खर्चों के ज़रिए उन देशों का समर्थन न करें जो हमारे देश के खिलाफ खड़े हैं।

PunjabKesari

नतीजा क्या हो सकता है?

तुर्की और अजरबैजान की टूरिज्म इंडस्ट्री को भारत से अच्छा-खासा फायदा होता है। अगर भारतीय टूरिस्ट वहां जाना बंद कर दें तो इन देशों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल लोगों से अपील की जा रही है कि जब तक तुर्की और अजरबैजान भारत के खिलाफ पक्ष लेते रहेंगे, तब तक इनका विरोध जारी रहेगा।

तुर्की और अजरबैजान का पाकिस्तान को समर्थन करना भारतीयों को नागवार गुज़रा है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इनके बायकॉट की मांग ज़ोर पकड़ रही है। लोग न सिर्फ विरोध कर रहे हैं, बल्कि अपनी ट्रिप्स भी कैंसिल कर रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static