जगन्नाथ रथ यात्रा में मची भगदड़, DJ की तेज आवाज से बेकाबू हाथी दौड़े इधर- उधर
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 12:36 PM (IST)

नारी डेस्क: भगवान जगन्नाथ की 148वीं रथयात्रा शुक्रवार सुबह अहमदाबाद में शुरू हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए उमड़े। भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथों को सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार खलासी समुदाय ने शहर के जमालपुर क्षेत्र में स्थित जगन्नाथ मंदिर से बाहर निकाला। हालांकि यात्रा शुरू होने के कुछ देर बाद ही हाथी के बेकाबू होने के चलते भगदड़ मच गई।
Watch | Three elephants in Ahmedabad Rath Yatra procession went out of control and started running in the Khadia area of the city. pic.twitter.com/iqNGRjROVo
— DeshGujarat (@DeshGujarat) June 27, 2025
तीन रथों की भव्य शोभायात्रा 400 वर्ष पुराने मंदिर से शुरू हुई, इस दौरान 17 हाथियों का ग्रुप आगे चल रहा था। इसी बीच एक हाथी बेकाबू हो गया, जिसे देख लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर- उधर भागने लगे। वन विभाग के अमले ने तुरंत इस पर काबू पा लिया। अब 17 में से 14 हाथी रथ यात्रा में शामिल होंगे, 3 को तुरंत यात्रा से हटा दिया गया। इस घटना के बाद भक्ताें के बीच डर का माहौल पैदा हो गया।
बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज से बेकाबू हाथी इधर-उधर दौड़ने लगा और आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। बेकाबू हाथी को काबू में करने के बाद उसे बांधकर रथ यात्रा के किनारे ले जाया गया। बताया जा रहा कि यात्रा में 5-6 हाथी बेकाबू हुए थे। इनमें से तीन हाथी खाड़िया की गलियों में दौड़ने लगे थे। इस घटना में एक आदमी के घायल होने की भी सूचना है।
शोभायात्रा में आमतौर पर 18 हाथी, 100 ट्रक, ‘भान-मंडली' (भक्ति समूह) और 30 अखाड़े (स्थानीय व्यायामशालाएं) शामिल होते हैं। यह शोभायात्रा आज 16 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कई ट्रकों को अलग-अलग थीम पर झांकियों के रूप में सजाया गया है। पूरे दिन भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर लाखों श्रद्धालुओं के एकत्र होने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने शोभायात्रा के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वार्षिक रथयात्रा की सुरक्षा के लिए शहर में लगभग 23,800 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इस रथयात्रा में 14-15 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।