रेलवे यात्री कृपया ध्यान दें! अब WhatsApp से हेल्प मांग सकती हैं ट्रेन में सफर करने वाली महिलाएं
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 04:56 PM (IST)
पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय रेल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए महिलाओं के लिए ‘सखी' नामक व्हाट्सऐप-आधारित सुरक्षा प्रणाली शुरू की है जिसका उद्देश्य रोजाना उपनगरीय नेटवर्क में सफर करने वाली लाखों महिला यात्रियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक यह पहल आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार की गई है, जिससे महिला यात्री सीधे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से व्हाट्सऐप के जरिए जुड़ सकती हैं।

तकनीक और जमीनी स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया को जोड़ते हुए यह कदम महिलाओं के सफर को और सुरक्षित व भरोसेमंद बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। यह सेवा चर्चगेट से दहानू तक पूरे उपनगरीय मार्ग पर लागू की गई है। अब तक 11 विशेष व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें करीब 1,500 नियमित महिला यात्रियों को जोड़ा जा चुका है। हर ग्रुप की निगरानी एक महिला पुलिस उप-निरीक्षक द्वारा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात संदेश पर तुरंत कारर्वाई हो सके। छेड़छाड़, चोरी या महिला डिब्बों में पुरुषों के अवैध प्रवेश जैसी घटनाओं में महिलाएं ग्रुप में तुरंत मैसेज, फोटो या वीडियो साझा कर सकती हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ कंट्रोल रूम अगली स्टेशन पर सहायता भेजकर त्वरित कारर्वाई सुनिश्चित करता है।

डिजिटल सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे ने जमीनी स्तर पर भी सख्ती बढ़ाई है। पिछले छह महीनों में 6,195 पुरुषों पर रेलवे अधिनियम के तहत महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में अवैध प्रवेश करने पर कारर्वाई की गई है। इस दौरान 13.84 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। यह ‘सखी' प्रणाली मौजूदा रेल मदद हेल्पलाइन 139 के साथ मिलकर काम करती है, जिससे सुरक्षा तंत्र और मजबूत हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में महिला यात्रियों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। महिला यात्री इस सेवा से जुड़ने या आपातकालीन सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकती हैं: सखी व्हाट्सऐप नंबर: 9004449698।

