"दिव्या भारती ले सकती हैं पुनर्जन्म!", कजिन का दावा, मां को पहले से था बेटी की मौत का आभास
punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 03:40 PM (IST)

नारी डेस्क: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस दिव्या भारती का नाम आज भी लाखों दिलों में जिंदा है। उनकी करिश्माई मुस्कान और असाधारण अभिनय ने उन्हें 90 के दशक की सबसे बड़ी स्टार बना दिया था। लेकिन 5 अप्रैल 1993 को महज 19 साल की उम्र में उनका असमय निधन आज भी रहस्य और भावनाओं से जुड़ा किस्सा बनकर रह गया है। अब उनकी कजिन और एक्ट्रेस कायनात अरोड़ा ने दिव्या और उनके परिवार से जुड़ा ऐसा खुलासा किया है जिसने फैंस की यादें ताजा कर दीं।
दिव्या भारती की अल्पायु और मां का विश्वास
कायनात अरोड़ा ने हाल ही में एक बातचीत में बताया कि दिव्या की मां मीता भारती को पहले से अपनी बेटी की अल्पायु का अंदेशा था। उन्होंने कहा कि एक पुजारी ने दिव्या की कुंडली देखकर बताया था कि उनकी जिंदगी लंबी नहीं होगी। इस भविष्यवाणी पर मीता भारती ने विश्वास किया और बेटी के लिए विशेष पूजाएं भी करवाईं।
दिव्या की मां को था पुनर्जन्म पर यकीन
कायनात के अनुसार, दिव्या के निधन के बाद मीता भारती बेहद भावुक हो गईं। उन्होंने कायनात से कहा कि उनकी बेटी वापस आएगी। दरअसल, वही पुजारी जिसने दिव्या की अल्पायु की भविष्यवाणी की थी, उसने मीता जी को यह भी कहा था कि दिव्या पुनर्जन्म लेंगी। इस वजह से उनकी मां को दृढ़ विश्वास था कि उनकी बेटी फिर से जन्म लेकर लौटेगी।
कायनात का दिव्या के परिवार से रिश्ता
कायनात अरोड़ा ने यह भी बताया कि जब वह मुंबई आईं तो दिव्या के परिवार से उनका गहरा जुड़ाव हो गया। दिव्या की मां उन्हें अपनी बेटी मानती थीं और हर तरह से उनका ख्याल रखती थीं। कायनात ने कहा कि मीता मॉम चाहती थीं कि वह फिल्मों में काम करें, यहां तक कि उन्होंने साजिद नाडियाडवाला के साथ काम करने की भी सलाह दी थी।
दिव्या की महानता पर कायनात का बयान
दिव्या को याद करते हुए कायनात ने कहा कि वह एक महान एक्ट्रेस थीं। उनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा “श्रीदेवी जी महान थीं, वैसे ही दिव्या जी भी महान थीं। उनकी खूबसूरत आंखें, करिश्माई पर्सनालिटी और अभिनय उन्हें अद्वितीय बनाते थे। जैसे शाहरुख खान सिर्फ एक हैं, अमिताभ बच्चन सिर्फ एक हैं, वैसे ही दिव्या भारती सिर्फ एक थीं।”
दिव्या भारती का जाना बॉलीवुड के लिए सबसे बड़ा झटका था। लेकिन उनकी मां और परिवार के विश्वास के मुताबिक, फैंस भी यह उम्मीद करते हैं कि शायद दिव्या कभी न कभी नए रूप में फिर से इस दुनिया में लौटेंगी।