ब्रोकली से फैली खतरनाक बीमारी, 1 की मौत 9 लोग ICU में, छोटी सी गलती से पेट में भरा जहर
punjabkesari.in Wednesday, Aug 13, 2025 - 04:44 PM (IST)

नारी डेस्क: ब्रोकली एक हैल्दी सब्जी मानी जाती है लेकिन इस समय ब्रोकली से जुड़े कई हैल्थ मामले सामने आ रहे हैं। इटली में ब्रोकली से बनी डिश खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 9 लोग जिंदगी और मौत के बीच ICU में जूझ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला बोटुलिज़्म नामक खतरनाक बीमारी से जुड़ा है, जो खाने में ज़रा सी लापरवाही के चलते शरीर में ज़हर फैला देती है। अगर समय रहते सतर्क न हुए और खाने को स्टोर करने में 6 सामान्य सी गलतियां करते रहे तो यह ज़हर भारत में भी तबाही मचा सकता है।
ब्रोकली से फैली बोटुलिज़्म (Botulism) नाम की अजीबो-गरीब बीमारी?
यह मामला इटली के कैलाब्रिया क्षेत्र का है, जहां लोगों ने ब्रोकली और सॉसेज वाला सैंडविच खाया, जिसे तेल में डूबाकर स्टोर किया गया था। सैंडविच खाने के कुछ समय बाद ही एक व्यक्ति की हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बाकी 9 लोग ICU में हैं।
बोटुलिज़्म क्या है?
बोटुलिज़्म एक रेयर लेकिन जानलेवा बीमारी है, जो Clostridium botulinum नामक बैक्टीरिया के ज़हर से होती है। यह जहर शरीर की मांसपेशियों को लकवा मार देता है और समय रहते इलाज न हो तो सांस लेने में दिक्कत और मौत भी हो सकती है।
भारत में इसका कितना खतरा?
भारत में अभी बोटुलिज़्म आम नहीं है, लेकिन यहां की गर्म जलवायु, स्ट्रीट फूड कल्चर और घरेलू खाने को स्टोर करने की आदत इसे भविष्य में खतरनाक बना सकती है। जैसे अचार, चटनी या मसाले तेल में स्टोर करना।
ये भी पढ़ें: कुत्तों के लिए शेल्टर होम क्यों जरूरी? अंदर तक झकझोर देगी, राजेश-बृजेश की कहानी
बोटुलिज़्म के लक्षण क्या हैं?
निगलने और बोलने में कठिनाई
चेहरे की मांसपेशियों में कमजोरी
पलकें झुकना, धुंधला या डबल दिखाई देना
सांस लेने में दिक्कत
जी मिचलाना, उल्टी
लकवा
कैसे बचें इस बीमारी से? डॉक्टर की चेतावनियां
तेल में डूबे खाने जैसे लहसुन, मिर्च या अदरक को बिना सिरका/नींबू डाले फ्रिज के बाहर न रखें। फूले, लीक या जंग लगे डिब्बे/जार का खाना कभी न खाएं। तेल वाले अचार, चटनी और स्प्रेड को हमेशा फ्रिज में रखें। बचा हुआ खाना 85°C पर कम से कम 5 मिनट तक गर्म करें। मेलों या स्ट्रीट फूड में बने ठंडे मसाले/चटनियों से बचें। साफ-सुथरे दुकानदार से ही खाना खरीदें और ताज़ा बना खाना ही खाएं।
भारत में बोटुलिज़्म के मामले भले ही अभी कम हैं, लेकिन साफ-सफाई और खाने को सही ढंग से स्टोर न करना, आने वाले समय में बड़ी समस्या बन सकता है। इटली की घटना से सबक लें और खाना स्टोर करने की आदतें सुधारें, वरना यह ज़हर किसी के भी घर पहुंच सकता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल शिक्षात्मक उद्देश्य से है। किसी भी लक्षण या आशंका की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।