9 ग्रहों से आशीर्वाद पाने के लिए किस दिन कौन से रंग के कपड़े पहनें?

punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 12:07 PM (IST)

नारी डेस्क: क्या आप जानते हैं कि हर दिन अलग-अलग रंग के कपड़े पहनने से आपके जीवन पर ग्रहों का सकारात्मक असर हो सकता है? हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, साफ-सुथरे और सही रंग के वस्त्र पहनना न सिर्फ़ आपकी छवि को निखारता है, बल्कि आपके भाग्य को भी बदल सकता है। कहा जाता है कि जहां सफाई होती है, वहां लक्ष्मी का वास होता है  और यही नियम कपड़ों पर भी लागू होता है। हर दिन एक विशेष ग्रह और देवी-देवता को समर्पित होता है, और उस दिन यदि हम उसी ग्रह से जुड़ा रंग पहनें, तो उस ग्रह का शुभ प्रभाव हमारे जीवन पर पड़ता है। तो आइए जानते हैं, किस दिन कौन सा रंग पहनना शुभ होता है-

रविवार – सूर्य देव और भगवान विष्णु का दिन

रविवार का दिन सूर्य देव को समर्पित होता है, जो आत्मबल, तेज और सफलता के देवता माने जाते हैं। इस दिन लाल, गुलाबी, नारंगी या सुनहरे रंग के कपड़े पहनना अत्यंत शुभ माना गया है। यह रंग न केवल आपके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि आपके जीवन में ऊर्जा का संचार भी करते हैं। सूर्यदेव की कृपा से शत्रु पर विजय, स्वास्थ्य में सुधार और नेतृत्व क्षमता में वृद्धि होती है।

PunjabKesari

 सोमवार – भगवान शिव और चंद्रमा का दिन

सोमवार को भगवान शिव और चंद्रदेव की पूजा की जाती है। चंद्रमा मन का कारक होता है, इसलिए इस दिन मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन का विशेष महत्व होता है। इस दिन सफेद, सिल्वर, हल्का नीला या हल्का पीला रंग के वस्त्र पहनने चाहिए। ये रंग मन को शांति प्रदान करते हैं और भगवान शिव की कृपा से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

मंगलवार – हनुमान जी और मंगल ग्रह का दिन

मंगलवार का दिन भगवान हनुमान और मंगल ग्रह को समर्पित होता है। मंगल ग्रह ऊर्जा, साहस और बल का प्रतीक है। इस दिन लाल, भगवा, सिंदूरी या संतरा पीले रंग के वस्त्र पहनना लाभकारी होता है। इन रंगों से साहस, आत्मबल और उत्साह में वृद्धि होती है। साथ ही, हनुमान जी का आशीर्वाद मिलने से रोग-शोक दूर होते हैं और रक्तचाप नियंत्रित रहता है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: शिवलिंग पर जल चढ़ाने से पहले जान ले जल अभिषेक करने का सही न‍ियम

बुधवार – भगवान गणेश और बुध ग्रह का दिन

बुधवार को प्रथम पूज्य भगवान गणेश की उपासना की जाती है, जो ज्ञान, बुद्धि और वाणी के देवता हैं। इस दिन हरा रंग पहनना बहुत शुभ माना गया है। हरा रंग शांति, समृद्धि और ताजगी का प्रतीक है। यह रंग आपके मानसिक संतुलन को बेहतर करता है और साथ ही व्यापार या अध्ययन में सफलता दिलाने में सहायक होता है।

गुरुवार – बृहस्पति देव (गुरु) का दिन

गुरुवार का दिन बृहस्पति देव को समर्पित होता है, जो धर्म, ज्ञान, गुरु और ब्रह्मविद्या के प्रतिनिधि हैं। इस दिन पीला, नारंगी या सुनहरा रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है। ये रंग आपके जीवन में सकारात्मकता, ज्ञान और सद्बुद्धि का संचार करते हैं। साथ ही गुरु की कृपा से संतान सुख, भाग्यवृद्धि और सम्मान में वृद्धि होती है।

PunjabKesari

शुक्रवार – मां लक्ष्मी और शुक्र ग्रह का दिन

शुक्रवार को देवी लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की पूजा होती है। शुक्र ग्रह सौंदर्य, प्रेम, ऐश्वर्य और विलासिता का कारक है। इस दिन सफेद, गुलाबी या हल्का लाल रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। यह रंग न केवल आकर्षण बढ़ाते हैं, बल्कि देवी लक्ष्मी की कृपा से धन, सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

शनिवार – शनि देव और भैरव बाबा का दिन

शनिवार का दिन शनि देव और भैरव बाबा को समर्पित होता है। शनि देव कर्म के देवता हैं और जीवन में अनुशासन, न्याय और परीक्षा के प्रतीक माने जाते हैं। इस दिन गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, जामुनी या गहरा भूरा पहनना शुभ होता है। ये रंग आत्मबल, धैर्य और नकारात्मक ऊर्जा से सुरक्षा प्रदान करते हैं। शनि की कृपा से जीवन की रुकावटें दूर होती हैं और स्थिरता आती है।

PunjabKesari

हर दिन अलग-अलग ग्रहों और देवी-देवताओं का प्रतीक होता है। यदि हम उस दिन के अनुरूप रंगों का चयन करें और साफ-सुथरे वस्त्र पहनें, तो हमारा भाग्य भी हमारे साथ चलता है। यह न सिर्फ हमारे मन को ऊर्जा और संतुलन देता है, बल्कि हमारे जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाता है। तो अगली बार अपने कपड़ों का रंग चुनने से पहले दिन के अनुसार उसका ध्यान ज़रूर रखें, और पाएं 9 ग्रहों का आशीर्वाद।
  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static