हर महीने 250 रुपये जमा करके अपनी बेटी को बनाएं ''लखपति'', यहां जानें पूरी जानकारी
punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 12:03 PM (IST)

नारी डेस्क: क्या आपने कभी सोचा है कि हर महीने सिर्फ 1000 रुपये की बचत आपकी प्यारी बिटिया के भविष्य को कितना सुरक्षित बना सकती है? सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) ऐसी ही एक स्कीम है जो छोटी-छोटी बचत को बड़े फायदों में बदल सकती है। इस योजना के जरिए आप बेटी के बड़े होने पर उसकी पढ़ाई, शादी और दूसरे जरूरी खर्चों के लिए एक बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि सरकार ने इस स्कीम की ब्याज दर को 8.2 फीसदी पर कायम रखा है।
क्या है सुकन्या समृद्धि योजना?
सुकन्या समृद्धि योजना केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही एक बचत योजना है, जो बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई है। इसमें माता-पिता या अभिभावक बेटी के नाम से खाता खोल सकते हैं और उसमें हर महीने थोड़ी-थोड़ी राशि जमा कर सकते हैं। खाता बेटी के जन्म से लेकर 10 साल की उम्र तक खोला जा सकता है।
योजना में ब्याज दर और निवेश की अवधि
वर्तमान ब्याज दर: 8.2% प्रति वर्ष (चक्रवृद्धि ब्याज)
न्यूनतम निवेश: ₹250 प्रति वर्ष
अधिकतम निवेश: ₹1.5 लाख प्रति वर्ष
निवेश की अवधि: 15 साल
योजना की मैच्योरिटी: 21 साल
सरकार ने ब्याज दर में नहीं किया कोई बदलाव
सरकार ने हाल ही में फैसला लिया है कि सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज दर को 8.2% पर ही रखा जाएगा। इसका मतलब है कि जो लोग इस योजना में निवेश कर रहे हैं या नया खाता खोलना चाहते हैं, उन्हें यही ब्याज दर मिलेगी।
कैसे बन सकती है आपकी बेटी लखपति सिर्फ ₹250 महीने से?
इस योजना की खास बात ये है कि इसमें आप जितना चाहे, उतना निवेश कर सकते हैं। कम आमदनी वाले परिवार भी ₹250 प्रति माह से शुरुआत कर सकते हैं। अगर आप ₹250 हर महीने खाते में जमा करते हैं, तो
15 साल में आप जमा करेंगे ₹45,000
मिलने वाला ब्याज ₹93,653
मैच्योरिटी राशि (21 साल बाद): ₹1,38,653
ये भी पढ़े: SpiceJet की फ्लाइट में खिड़की टूटने का वीडियो वायरल, बाल-बाल बचे यात्री
हर महीने ₹1000 जमा करने पर कितना मिलेगा?
अगर आप हर महीने ₹1000 यानी साल भर में ₹12,000 जमा करते हैं, तो
15 साल में जमा राशि होगी: ₹1,80,000
मिलने वाला ब्याज: ₹3,74,612
कुल रकम (मैच्योरिटी पर): ₹5,54,612
सिर्फ ₹1000 महीने की बचत से आपकी बेटी को 21 साल बाद 5.5 लाख रुपये से ज्यादा की राशि मिल सकती है।
अलग-अलग राशियों पर क्या मिलेगा रिटर्न – एक नजर चार्ट पर
(हर महीने जमा राशि) (15 साल में जमा) (राशि ब्याज (अनुमानित) (21 साल बाद कुल राशि)
₹250 ₹45,000 ₹93,653 ₹1,38,653
₹500 ₹90,000 ₹1,87,306 ₹2,77,306
₹700 ₹1,26,000 ₹2,62,228 ₹3,88,228
₹1000 ₹1,80,000 ₹3,74,612 ₹5,54,612
₹1500 ₹2,70,000 ₹5,61,918 ₹8,31,918
₹2000 ₹3,60,000 ₹7,49,224 ₹11,09,224
₹5000 ₹9,00,000 ₹18,73,059 ₹27,73,059
कैसे करें खुद से कैलकुलेशन?
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपकी बचत पर मैच्योरिटी में कितनी राशि मिलेगी, तो आप सुकन्या समृद्धि योजना कैलकुलेटर की मदद ले सकते हैं। ऑनलाइन कैलकुलेटर में हर महीने जमा करने वाली राशि भरें। सबमिट बटन दबाएं। पूरी जानकारी स्क्रीन पर मिल जाएगी।
क्या 21 साल से पहले पैसे निकाल सकते हैं?
हाँ, योजना में यह सुविधा दी गई है कि आप बेटी के 18 साल पूरे होने पर पढ़ाई या शादी जैसे जरूरी खर्च के लिए जमा राशि का 50% तक निकाल सकते हैं। इसके लिए आपको बेटी की उम्र से जुड़े दस्तावेज। पढ़ाई या शादी का प्रमाण पत्र दिखाना होगा। बाकी पैसा 21 साल पूरे होने पर मिलेगा।
कैसे खोलें खाता और कौन पात्र है?
पात्रता: बेटी की उम्र 10 साल से कम होनी चाहिए। अभिभावक या माता-पिता खाता खोल सकते हैं।
दस्तावेज़: बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का पहचान पत्र, पते का प्रमाण।
खाता कहां खोलें: पोस्ट ऑफिस, सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी बैंक।
सुकन्या समृद्धि योजना एक बेहतरीन सरकारी स्कीम है, जो बेटियों के बेहतर भविष्य की गारंटी देती है। हर महीने थोड़ी-सी रकम जमा करके आप अपनी बेटी के लिए एक मजबूत आर्थिक आधार तैयार कर सकते हैं। अगर आपने अभी तक खाता नहीं खुलवाया है, तो देर न करें। यह छोटी सी शुरुआत आने वाले समय में आपकी बेटी के बड़े सपनों को पूरा कर सकती है।