सिर्फ 20 दिन मिलने वाला ये फल, सेहत के लिए है किसी सुपरफूड से कम नहीं
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 04:30 PM (IST)
नारी डेस्क : बारिश का मौसम अपने साथ कई स्वादिष्ट और पौष्टिक मौसमी फल लेकर आता है। इन्हीं में से एक है जंगली नाशपाती, जो सालभर नहीं बल्कि केवल लगभग 20 दिनों के लिए ही बाजार में उपलब्ध रहती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि पेड़ से तोड़ने के बाद यह सिर्फ तीन दिन तक ही ताजा रहती है। यही वजह है कि इसकी उपलब्धता सीमित होती है और लोग इसके आने का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
पोषक तत्वों का खजाना है जंगली नाशपाती
जंगली नाशपाती में डाइटरी फाइबर, विटामिन C, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व शरीर को स्वस्थ रखने और कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।

पाचन तंत्र को रखे दुरुस्त
इस फल में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसका सेवन कब्ज की समस्या को कम करने और आंतों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है।
इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार
विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण जंगली नाशपाती शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकती है। मानसून में होने वाले वायरल संक्रमण, सर्दी-खांसी और मौसमी बीमारियों से बचाव में भी यह लाभदायक मानी जाती है।
यें भी पढ़ें : प्रेमी जोड़े साथ क्यों नहीं करते भगवान जगन्नाथ के दर्शन? जानिए इसके पीछे की मान्यता
ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में सहायक
विशेषज्ञों के अनुसार, जंगली नाशपाती का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। इसमें मौजूद फाइबर ग्लूकोज के अवशोषण की गति को धीमा कर सकता है, जिससे भोजन के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की संभावना कम होती है। हालांकि, डायबिटीज के मरीज इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह जरूर लें।

वजन नियंत्रित रखने में भी फायदेमंद
इस फल में कैलोरी कम और पानी व फाइबर की मात्रा अधिक होती है। इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है और ओवरईटिंग से बचाव होता है।
दांतों और मसूड़ों के लिए भी अच्छा
जंगली नाशपाती में मौजूद कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व दांतों और मसूड़ों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं। इसका हल्का मीठा और हल्का कसैला स्वाद इसे अन्य फलों से अलग बनाता है।
यें भी पढ़ें : भगवान जगन्नाथ की मौसी कौन हैं, जिनसे मिलने के लिए हर साल रथ यात्रा मेंं जाते है महाप्रभु
क्यों जल्दी खराब हो जाती है?
बारिश के मौसम में अधिक नमी और पानी के कारण जंगली नाशपाती जल्दी खराब हो जाती है। सामान्य तापमान पर यह केवल तीन दिन तक ही ताजा रहती है, जिसके बाद इसमें सड़न शुरू हो सकती है। इसलिए व्यापारी भी इसे सीमित मात्रा में ही मंगाते हैं, ताकि ग्राहकों को ताजा फल मिल सके।

ध्यान दें: यदि आपको डायबिटीज, किडनी रोग या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो इसे नियमित रूप से खाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें।

