Actress ने भाई-बहन पर लगाया 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस में दर्ज कराई FIR
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 06:04 PM (IST)
नारी डेस्क : साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस राधा इन दिनों एक गंभीर शिकायत को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ने अपने भाई मल्लिकार्जुन कुंजन नायर और बहन अंबिका के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। राधा का आरोप है कि उनके घर से कुछ साइन किए हुए पुराने चेक निकालकर उनका कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करने की कोशिश की गई। मामला करीब 46 करोड़ रुपये से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचीं राधा
रिपोर्ट के मुताबिक, राधा ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका IDBI बैंक में एक करंट अकाउंट है, जिसका इस्तेमाल उनके बिजनेस से जुड़े खर्चों के लिए किया जाता था। पहले इस अकाउंट का नाम ARS Garden Studio था। एक्ट्रेस के पास कुछ साइन किए हुए चेक रखे थे, जिनका इस्तेमाल टैक्स, गार्डन के रखरखाव, कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे जरूरी खर्चों के लिए किया जाता था। राधा के मुताबिक, ये चेक इसलिए साइन करके रखे जाते थे ताकि उनके बाहर रहने के दौरान भी बिजनेस से जुड़े जरूरी भुगतान समय पर किए जा सकें।

ऐसे सामने आया पूरा मामला
राधा ने जनवरी 2025 में अपने बिजनेस का नाम बदलकर RR Gardens कर दिया था। इसके बाद बैंक की ओर से उन्हें नए नाम वाली चेकबुक जारी की गई। बताया गया कि इसके बाद उन्होंने पुरानी चेकबुक का इस्तेमाल बंद कर दिया था। इसी दौरान बैंक की ओर से राधा को कुछ ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसने उन्हें हैरान कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने उन्हें बताया कि उनकी पुरानी चेकबुक के पांच चेकों के जरिए करीब 46 करोड़ रुपये से जुड़ा दावा पेश किया गया था। कथित तौर पर इन चेकों को उनकी बहन अंबिका की ओर से भुनाने की कोशिश की गई, हालांकि यह प्रयास सफल नहीं हुआ।
यें भी पढ़ें : नहीं रहीं मशहूर एक्ट्रेस, 71 की उम्र में कैंसर से लंबी जंग के बाद हुआ निधन
भाई-बहन पर क्या आरोप लगाए?
राधा का आरोप है कि उन्होंने ये चेक अपनी बहन को नहीं दिए थे और उनकी गैरमौजूदगी में घर से चेक निकाले गए। शिकायत में उन्होंने बहन अंबिका पर चेकों का इस्तेमाल करने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं, राधा ने अपने भाई मल्लिकार्जुन कुंजन नायर पर कथित तौर पर उन चेकों को भरने का आरोप लगाया है। एक्ट्रेस ने पुलिस से मामले की जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, ये सभी आरोप राधा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित हैं। मामले में जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कौन हैं एक्ट्रेस राधा?
राधा ने साल 1981 में मलयालम फिल्म Alai Osai से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने साउथ सिनेमा के कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया है। राधा ने रजनीकांत और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ भी स्क्रीन शेयर की है। अपने लंबे करियर में वह Rajavinte Makan, Irupatham Noottandu, Kakkothikkavile Appooppan Thaadikal, Mr. Bharath, Vazhve Mayam और Naan Paadum Paadal जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

