कैटरीना कैफ की बहन संग डेटिंग की खबरों के बीच चर्चा में विक्की कौशल के भाई

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 11:32 AM (IST)

नारी डेस्क : बॉलीवुड में इन दिनों एक और स्टार फैमिली कनेक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं। विक्की कौशल के भाई और अभिनेता सनी कौशल का नाम कैटरीना कैफ की बहन इसाबेल कैफ के साथ जोड़ा जा रहा है। दरअसल, दोनों की सोशल मीडिया पोस्ट में नजर आई एक जैसी चीज ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद दोनों के डेटिंग करने के कयास लगाए जाने लगे हैं। हालांकि, सनी या इसाबेल की ओर से रिश्ते को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सनी कौशल ने शेयर की तुर्की वेकेशन की तस्वीरें

सनी कौशल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तुर्की वेकेशन की कई तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों के इस पोस्ट में उन्होंने अपनी ट्रिप से जुड़ी कई झलकियां दिखाई थीं। इनमें एक सफेद बिल्ली की तस्वीर भी शामिल थी। पोस्ट के कैप्शन में सनी ने लिखा, “क्या हाल-चाल है दोस्तों! काफी समय हो गया।” उनकी इस पोस्ट पर इसाबेल कैफ का कमेंट भी देखने को मिला, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया।

इसाबेल की पोस्ट में भी दिखी वही सफेद बिल्ली

दिलचस्प बात यह है कि इसाबेल कैफ ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वही सफेद बिल्ली नजर आई, जो सनी की पोस्ट में दिखाई दी थी। बस फिर क्या था, दोनों पोस्ट में एक जैसी तस्वीर देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके बीच किसी खास कनेक्शन के कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ फैंस इसे महज संयोग मान रहे हैं, तो कुछ इसे दोनों की नजदीकियों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, एक जैसी सोशल मीडिया पोस्ट या कमेंट को रिश्ते की पुष्टि नहीं माना जा सकता। सनी और इसाबेल ने भी अभी तक डेटिंग की खबरों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

कौन हैं इसाबेल कैफ?

इसाबेल कैफ ब्रिटिश मॉडल और एक्ट्रेस हैं और वह अभिनेत्री कैटरीना कैफ की छोटी बहन हैं। उन्होंने इंडो-कनाडाई फिल्म 'डॉ. कैबी' से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'टाइम टू डांस', 'सुस्वागतम खुशामदीद' और 'क्वाथा' जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़ीं। इसाबेल ने सैन फ्रांसिस्को की एलियंट इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने न्यूयॉर्क के ली स्ट्रैसबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से एक्टिंग, डांसिंग और डायरेक्शन की ट्रेनिंग भी ली है।

शरवरी वाघ संग भी जुड़ चुका है सनी का नाम

इससे पहले सनी कौशल का नाम अभिनेत्री शरवरी वाघ के साथ भी जोड़ा जाता रहा है। दोनों की नजदीकियों की खबरें काफी समय तक सुर्खियों में थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात 'द फॉरगॉटन आर्मी' के सेट पर हुई थी। बाद में दोनों के ब्रेकअप की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, सनी ने अपने निजी रिश्तों को लेकर हमेशा काफी निजी रुख रखा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static