गोविंदा-कोमल रानी के अफेयर रूमर्स पर Actress, कहा- अच्छा नहीं कह सकते तो कुछ न बोलें
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 01:14 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्टर गोविंदा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर का नाम उनकी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को कुछ मौकों पर साथ स्पॉट किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनके अफेयर की अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सेलिब्रिटीज की पर्सनल लाइफ को लेकर होने वाली गॉसिप और महिलाओं को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं।
गोविंदा के सपोर्ट में क्या बोलीं कुब्रा सैत?
कुब्रा सैत ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने गोविंदा का जिक्र करते हुए कहा कि वह उन्हें देखते हुए बड़ी हुई हैं और उनके लिए गोविंदा एक सुपरस्टार, आइकॉन और लेजेंड हैं। उन्होंने कहा कि 90 के दशक में गोविंदा का अलग ही दौर था। इसके बाद कुब्रा ने सवाल उठाया कि आज अगर कोई लड़की किसी अभिनेता के आसपास दिखाई दे तो उसे तुरंत ‘मिस्ट्री वुमन’ या ‘रूमर्ड गर्लफ्रेंड’ क्यों कहा जाने लगता है। उन्होंने कहा कि किसी को सिर्फ साथ दिखाई देने के आधार पर किसी रिश्ते को लेकर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।

गॉसिप कब किसी को जज करने का जरिया बन गई?
कुब्रा ने यह भी कहा कि वह गोविंदा को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानतीं, हालांकि वह उनकी पत्नी सुनीता आहूजा से मिल चुकी हैं। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि किसी सेलिब्रिटी या उसके आसपास मौजूद महिला से बार-बार उन अफवाहों पर सफाई क्यों मांगी जाती है, जिन्हें उन्होंने खुद शुरू नहीं किया। उन्होंने कहा कि गॉसिप कब किसी व्यक्ति के बारे में राय बनाने या उसे जज करने का जरिया बन गई, यह समझना जरूरी है। कुब्रा ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी के बारे में कमेंट करने या क्लिकबेट कंटेंट बनाने से पहले एक बार खुद से पूछें कि ऐसा करने की जरूरत क्यों है।
यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज
अगर अच्छा नहीं कह सकते तो कुछ न कहें
कुब्रा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और उनसे हर बात पर खुद को सही साबित करने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर किसी के बारे में कुछ अच्छा नहीं कह सकते तो कुछ न कहें और सिर्फ फैन बनकर अपने पसंदीदा कलाकार के काम का आनंद लें।

गोविंदा ने भी अफेयर की खबरों पर दी सफाई
बता दें कि गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को कुछ मौकों पर साथ देखा गया है। इसके बाद दोनों के डेटिंग रूमर्स सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए। हालांकि, गोविंदा ने इन खबरों को खारिज करते हुए कोमल के साथ अपने रिश्ते को प्रोफेशनल बताया है। लालबागचा राजा के दर्शन के लिए साथ जाने को लेकर भी गोविंदा ने बताया कि वह अपनी फिल्म ‘रूपा’ की सफलता के लिए प्रार्थना करने गए थे। गोविंदा करीब 7 साल बाद फिल्म ‘रूपा’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म में कोमल रानी स्वर्णकार लीड रोल में नजर आएंगी।

