World Health Day 2026: आखिर क्यों मनाया जाता है ये दिन और क्या है इस साल की थीम

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 10:11 AM (IST)

नारी डेस्क:   हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन पूरी दुनिया में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए खास तौर पर समर्पित होता है। इस दिन का उद्देश्य सिर्फ बीमारियों के बारे में जानकारी देना ही नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं के महत्व को समझाना भी है।

क्यों मनाया जाता है विश्व स्वास्थ्य दिवस

विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने की शुरुआत 1948 में हुई थी, जब इसी दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना की गई थी। WHO एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो दुनिया भर में लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए काम करती है। इसके संविधान पर 61 देशों ने हस्ताक्षर किए थे और तब से लेकर आज तक यह संगठन लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और बीमारियों से लड़ने के लिए प्रयास कर रहा है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, बीमारियों की रोकथाम के उपाय बताना और हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के महत्व को उजागर करना है।

PunjabKesari

विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 की थीम

इस साल यानी 2026 में विश्व स्वास्थ्य दिवस “सेहत में एकसाथ, विज्ञान के साथ” थीम के साथ मनाया जा रहा है। इस थीम का मतलब है कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूरी दुनिया को एकजुट होकर काम करना होगा और इसमें विज्ञान व तकनीक की अहम भूमिका है। आज के समय में मेडिकल साइंस और टेक्नोलॉजी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई बड़े बदलाव किए हैं। नई-नई दवाइयां, आधुनिक इलाज और बेहतर उपकरणों की मदद से कई गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हो पाया है। इस साल की थीम इसी बात पर जोर देती है कि विज्ञान का सही उपयोग करके हम लोगों की सेहत सुधार सकते हैं और मृत्यु दर को कम कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  सिर्फ मसाला नहीं, सेहत का खजाना है ये खास पत्ता! शुगर से पाचन तक देता है जबरदस्त फायदे

स्वास्थ्य का महत्व

अच्छी सेहत ही एक खुशहाल जीवन की कुंजी है। अगर व्यक्ति स्वस्थ है, तो वह अपने जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। लेकिन बदलती जीवनशैली, खराब खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इसलिए जरूरी है कि हम अपनी सेहत का ध्यान रखें और छोटी-छोटी अच्छी आदतों को अपनाएं, जिससे हम लंबे समय तक स्वस्थ रह सकें।

खुद को स्वस्थ रखने के आसान तरीके

संतुलित और हेल्दी खानपान अपनाएं: अच्छी सेहत के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। कोशिश करें कि आप ज्यादा से ज्यादा घर का बना हुआ ताजा और पौष्टिक भोजन खाएं। प्रोसेस्ड फूड और जंक फूड से दूरी बनाएं, क्योंकि ये कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

शरीर को हाइड्रेट रखें: खासतौर पर गर्मियों में शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी और ताजे फलों के जूस का सेवन भी फायदेमंद होता है।

रोजाना एक्सरसाइज करें: शारीरिक गतिविधि की कमी कई बीमारियों को जन्म देती है, जैसे हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल और दिल की बीमारियां। इसलिए रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज, योग, वॉक या कोई भी फिजिकल एक्टिविटी जरूर करें।

PunjabKesari

वजन को कंट्रोल में रखें: मोटापा कई बीमारियों की जड़ होता है। इसलिए अपने वजन को संतुलित रखना बहुत जरूरी है। सही डाइट और नियमित व्यायाम से आप अपने वजन को नियंत्रित रख सकते हैं।

विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें यह याद दिलाता है कि सेहत सबसे बड़ी दौलत है। अगर हम अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और सही आदतों को अपनाएं तो हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। साथ ही, विज्ञान और तकनीक की मदद से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static