एक्टर अर्जुन कपूर को बेमतलब ट्रोल कर रहे लोग, इस सिंगर ने भड़कते हुए कहा- अगर उसे कुछ हो गया तो...
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 05:23 PM (IST)
नारी डेस्क: गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने अभिनेता अर्जुन कपूर का समर्थन किया और ऑनलाइन डराने-धमकाने के खिलाफ आवाज उठाई। अर्जुन कपूर ने अपनी दिवंगत मां मोना शौरी कपूर को याद करते हुए एक भावुक संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है। इस मुद्दे पर व्यापक बहस छिड़ गयी है।

चिन्मयी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया और कपूर को विभिन्न मंचों पर लगातार निशाना बनाए जाने की आलोचना की। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा- "ये बेहद घटिया लोग हैं।" पोस्ट के मुताबिक, अर्जुन कपूर को सिर्फ एक बार नहीं बल्कि उनके काम, असफलताओं और यहां तक कि उनके अस्तित्व को लेकर भी 'हर एक पोस्ट' पर बार-बार निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा- "यह कोई भद्दा मजाक नहीं है। यह भावनात्मक अशिक्षा और दिखावटी क्रूरता है।"

चिन्मयी ने कहा- "और जिस दिन सच में उसके (अर्जुन के) साथ कुछ हो जाएगा, देखना कितनी जल्दी तुम किसी औरत को दोष देने के लिए ढूंढोगे। कोई प्रेमिका, कोई सह-कलाकार, कोई पूर्व प्रेमिका, कोई तथाकथित लालची औरत। उन पुरुषों को छोड़कर कोई भी, जिन्होंने हर दिन इस नफरत को हवा दी।" उन्होंने कहा- "आप लोगों को महीनों तक सार्वजनिक रूप से धमका नहीं सकते और फिर जब बहुत देर हो जाए तो परवाह करने का नाटक नहीं कर सकते।" अभिनेता अर्जुन ने अपनी दिवंगत मां के जन्मदिन पर एक पोस्ट कर अपने जीवन के कठिन दौर के बारे में बात कही थी।

