Sitar For Mental Health: कौन हैं Rishab Rikhiram Sharma? जिनका सितार चला रहा दिमाग पर जादू
punjabkesari.in Monday, Apr 21, 2025 - 07:33 PM (IST)

नारी डेस्कः क्या सितार आपको दिमागी सुकून दे सकता है...आपको स्वस्थ रख सकता है खासकर मेंटल हैल्थ को...? यहीं सवाल पूछ रहे हैं भारत के फेमस और यंगेस्ट सितारवादक ऋषभ ऋखी राम शर्मा। इन दिनों वह ‘सितार फॉर मेंटल हेल्थ’ इंडिया टूर पर हैं। उनके इस टूर की धमाकेदार शुरुआत दिल्ली से हुई, जहां देश के सबसे बड़े इनडोर स्टेडियम में 14,000 से ज़्यादा लोगों ने उनकी शानदार परफॉर्मेंस देखी। जैसे ही ऋषभ मंच पर आए, सारा माहैल ही बदल गया। ऋषभ की सितार की धुन ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया क्योंकि ऋषभ सिर्फ सितार परफॉर्मेंस नहीं देते बल्कि वह एक इमोशनल और मेडिटेशनल यात्रा पर ले जाते है जो दर्शकों को मानसिक शांति देता हैं।
हैरी पॉटर और गेम ऑफ थ्रोन्स की प्रसिद्ध धुनें बजाकर किया मंत्र-मुग्ध
13 अप्रैल को ऋषभ ने मुंबई में कॉन्सर्ट किया और उनके कॉन्सर्ट में कई नामी लोग शामिल रहे। सोशल मीडिया पर लगातार उनकी कई वीडियो वायरल हो रही हैं। हाल ही में उन्होंने हैरी पॉटर और गेम ऑफ थ्रोन्स की प्रसिद्ध धुनों को अपने सितार पर जीवंत किया जो सच में अद्भुत था। सोशल मीडिया पर इसके खूब चर्चे हो रहे हैं। अनिल- टीना अंबानी, भूमि पेडनेकर, मीरा कपूर जैसे सेलेब्स उनके शो में शामिल रहे। इन सभी हस्तियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से ऋषभ शर्मा की अद्भुत सितार कला की तारीफ की और इसे एक सुकूनदायक अनुभव और जादूगरी संगीत बताया।
10 साल की उम्र मे थामा सितार, 13 की उम्र में दी परफॉरमेंस
बहुत से लोग ऋषभ शर्मा के बारे में जानना चाहते हैं। चलिए आपको उन्हीं के बारे में बताते हैं। 26 साल के सबसे यंगेस्ट सितारवादक ऋषभ ऋखीराम शर्मा, महान पंडित रवि शंकर के सबसे युवा और अंतिम शिष्य हैं। ऋषभ ने 10 साल की उम्र में सितार उठाया था और 13 की उम्र में मंच पर कदम रखा। इस समय वह सितार फॉर मैंटल हैल्थ टूर में अपनी सितार की धुन और आवाज से जादू बिखेर रहे हैं। चलिए उनके बारे में कुछ और दिलचस्प बातें आपको बताते हैं।
ऋषभ शर्मा म्यूजिकल आर्टिस्ट के साथ रिखीराम ऑफिशियल स्टोर (rikhiram official store) के सीईओ हैं। सितार वादक, म्यूज़िक प्रोड्यूसर के साथ मेंटल हैल्थ को लेकर भी जागरूकता फैलाते हैं। दिल्ली के विश्वप्रसिद्ध वाद्ययंत्र निर्माता परिवार "ऋखी राम" में जन्मे ऋषभ को 10 वर्ष की उम्र में पहली बार सितार से परिचय कराया गया था। ऋषभ संजय शर्मा के छोटे बेटे और पंडित ऋखी राम शर्मा के परपोते हैं। उनके पिता और प्रसिद्ध वाद्ययंत्र निर्माता संजय शर्मा (ऋखी राम) उनके पहले गुरु बने। कई वर्षों की अथक साधना और समर्पण के बाद, ऋषभ ने 2011 में पहली बार मंच पर परफॉरमेंस दी और उसी कार्यक्रम के दौरान सितार सम्राट पंडित रवि शंकर (Sitarist Pandit Ravi Shankar) की नजर उनपर पड़ी थी। उन्होंने ऋषभ को अपना सबसे छोटा और अंतिम शिष्य बनाया। पं. रवि शंकर के मार्गदर्शन में ऋषभ ने अपने स्वाभाविक संगीत कौशल को निखारा।
यह भी पढ़ेंः ऋषभ शर्मा ने सितार पर बजाई Harry Potter की धुन, इंटरनेट पर मचा धमाल
सितारवादक ऋषभ ऋखीराम शर्मा की पढ़ाई और उपलब्धियां
पढ़ाई की बात करें तो ऋषभ ने दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के बाद 17 वर्ष की उम्र में न्यूयॉर्क की ओर रुख किया, जहां उन्होंने City University New York, Queens College में Music Production और Economics में डिग्री हासिल की। ऋषभ ने आधुनिक संगीत शैली और भारतीय शास्त्रीय संगीत की जड़ों को मिलाकर एक अनोखी ध्वनि तैयार की है। अमेरिका में एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया और यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक और क्लबहाउस जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बड़ी संख्या लोग उन्हें फॉलो करते हैं। उनका संगीत उम्र की सीमाओं से परे हैं। उनके शो में 18 से 80 वर्ष के बीच अलग अलग एज ग्रुप के लोग उनके कॉन्सर्ट में शामिल हो रहे हैं।
मेंटल हैल्थ के लिए बने सशक्त आवाज, संगीत थेरेपी से बेहतर बना रहे मानसिक स्वास्थ
उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में कई उपलब्धियां हासिल की लेकिन साथ ही वह मेंटल हैल्थ की भी एक सशक्त आवाज बने है। उनका मानना है कि संगीत में उपचार की शक्ति है और उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संस्थाओं के लिए जागरूकता और आर्थिक सहायता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने मंच का उपयोग किया है। साल 2020 में ऋषभ ने ‘Sitar For Mental Health’ की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य संगीत थेरेपी के जरिए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। वे ऑनलाइन दर्शकों के लिए निःशुल्क संगीत चिकित्सा सत्र आयोजित करते हैं और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक समग्र मानसिक कल्याण पद्धति विकसित करने में जुटे हैं।
व्हाइट हाउस में दिवाली कार्यक्रम में दी थी एकल परफॉरमेंस
बता दें कि ऋषभ शर्मा पहले ऐसे सितार वादक हैं जिन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, प्रथम महिला जिल बाइडेन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस द्वारा व्हाइट हाउस में दिवाली कार्यक्रम के लिए एकल परफॉरमेंस देने के लिए आमंत्रित किया गया था। अपनी पीढ़ी के वह एकमात्र सितार वादक के रुप में उभरे हैं। ऋषभ न सिर्फ एक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि उसे नई पीढ़ी के लिए फिर से गढ़ भी रहे हैं। ऋषभ ने अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन स्थित में एनआरजी स्टेडियम में 60,000 से अधिक लोगों की लाइव प्रस्तुति दी। बड़ी बात यह है कि उनके लाइव को विश्वभर में 500 मिलियन से अधिक लोगों ने लाइव देखा था। ऋषभ ने अपनी ‘Sitar For Mental Health’ टूर को भारत, अमेरिका, कनाडा और दक्षिण अमेरिका के कई शहरों तक पहुंचाया है और उसी के माध्यम से उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के लिए संगीत के उपचारात्मक प्रभाव को प्रस्तुत किया।
ऋषभ हर सप्ताह इंस्टाग्राम और क्लबहाउस पर लाइव आते हैं, और उनके रील्स लाखों दर्शकों तक पहुंचते हैं। उन्होंने वुडस्टॉक फेस्टिवल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित Woodstock 50 Reunion में पंडित रवि शंकर को श्रद्धांजलि देते हुए परफॉरमेंस दी। आपको सितारवादक ऋषभ शर्मा की परफॉर्मेंस किस तरह प्रभावित कर रही हैं? हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।