सिंगर शान ने बांद्रा में खरीदे 3 लग्जरी फ्लैट, खर्च किए 50 करोड़ रुपये से ज्यादा

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 03:56 PM (IST)

नारी डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर शान इन दिनों अपनी आवाज के साथ-साथ एक बड़ी प्रॉपर्टी डील को लेकर भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शान और उनकी पत्नी राधिका मुखर्जी ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट में एक साथ तीन लग्जरी फ्लैट खरीदे हैं। तीनों प्रॉपर्टीज की कीमत और स्टांप ड्यूटी मिलाकर यह सौदा 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का बताया जा रहा है।

बांद्रा की पॉश बिल्डिंग में खरीदे तीन फ्लैट

रियल एस्टेट से जुड़े रिकॉर्ड्स के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, शान और राधिका मुखर्जी ने ये तीनों फ्लैट बांद्रा वेस्ट के टर्नर रोड स्थित पालमेरा बिल्डिंग में खरीदे हैं। यह प्रॉपर्टी उन्होंने NVK Realty LLP से खरीदी है। खास बात यह है कि तीनों फ्लैट एक ही बिल्डिंग में हैं। इनमें एक फ्लैट 15वीं मंजिल पर है, जबकि बाकी दो फ्लैट 18वीं मंजिल पर स्थित हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, इन फ्लैट्स के नंबर 1502, 1801 और 1802 हैं।

PunjabKesari

हर फ्लैट का कारपेट एरिया करीब 2,089 वर्ग फीट

शान और उनकी पत्नी ने जो तीनों फ्लैट खरीदे हैं, उनका कारपेट एरिया एक जैसा है। प्रत्येक फ्लैट 2,089.29 वर्ग फीट में फैला हुआ है। इस हिसाब से तीनों फ्लैट का कुल कारपेट एरिया 6,267.87 वर्ग फीट है। सिर्फ घर ही नहीं, हर फ्लैट के साथ तीन कारों की पार्किंग भी मिली है। यानी तीनों प्रॉपर्टीज के साथ कुल नौ कार पार्किंग की सुविधा है।

ये भी पढ़ें:  Salman Khan के जिम में लगी आग, दमकल ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग

अलग-अलग नाम पर रजिस्टर्ड हैं फ्लैट

प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, तीनों फ्लैट अलग-अलग तरीके से खरीदे गए हैं। फ्लैट नंबर 1801 राधिका मुखर्जी के नाम पर है, जबकि फ्लैट नंबर 1802 शान के नाम से रजिस्टर्ड है। वहीं, तीसरे फ्लैट में शान और राधिका दोनों के नाम दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रॉपर्टी डील को 20 अगस्त को पूरा किया गया।

तीनों फ्लैट की कीमत करीब 47.63 करोड़ रुपये

प्रॉपर्टी की कीमत की बात करें तो प्रत्येक फ्लैट के लिए 15,87,86,040 रुपये का भुगतान किया गया है। इस तरह तीनों फ्लैट की कुल कीमत 47,63,58,120 रुपये बैठती है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के दौरान भारी भरकम स्टांप ड्यूटी भी चुकाई गई। दो फ्लैट्स के लिए करीब 1.90 करोड़ रुपये और एक फ्लैट के लिए करीब 79.40 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी दी गई। स्टांप ड्यूटी जोड़ने के बाद पूरी डील की कीमत 50 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच जाती है।

PunjabKesari

पिछले साल भी खरीदा था 10 करोड़ का घर

शान के लिए यह पहली बड़ी प्रॉपर्टी खरीद नहीं है। इससे पहले 2025 में भी उन्होंने पुणे के प्रभाचीवाड़ी में करीब 10 करोड़ रुपये की कीमत का एक घर खरीदा था। शान लंबे समय से बॉलीवुड के लोकप्रिय गायकों में शामिल हैं और उन्होंने 'चांद सिफारिश', 'बहती हवा सा था वो' जैसे कई यादगार गानों को अपनी आवाज दी है।

करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं शान

शान की कमाई का बड़ा हिस्सा उनके म्यूजिक करियर, लाइव शो और अन्य प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स से आता है। मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी नेटवर्थ करीब 157 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि, सेलिब्रिटी की नेटवर्थ के ऐसे आंकड़े आमतौर पर मीडिया रिपोर्ट्स और अनुमान पर आधारित होते हैं, इसलिए इन्हें आधिकारिक आंकड़ा नहीं माना जा सकता।

मुंबई में पहले से आलीशान घर में रहने वाले शान ने अब बांद्रा में तीन और लग्जरी फ्लैट खरीदकर अपनी प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो में एक और बड़ा इजाफा कर लिया है।
  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static