लालबागचा राजा के दरबार में शाहरुख खान ने किया कुछ ऐसा, वीडियो देख फैंस बोले- ‘किंग’ हो तो ऐसा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 01:21 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान जब भी कहीं नजर आते हैं, उनकी छोटी-सी बात भी फैंस के बीच चर्चा का विषय बन जाती है। गणेशोत्सव के मौके पर शाहरुख खान अपने परिवार के साथ मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। उनके साथ पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी भी नजर आईं। इस दौरान शाहरुख ने बप्पा के सामने माथा टेका और आशीर्वाद लिया।
परिवार के साथ पहुंचे किंग खान
सोमवार शाम शाहरुख खान नीले रंग का कुर्ता पहने लालबागचा राजा के पंडाल पहुंचे। उनके साथ गौरी खान और सुहाना खान भी थीं। पूजा ददलानी भी परिवार के साथ मौजूद रहीं। शाहरुख को देखने के लिए वहां फैंस की अच्छी-खासी भीड़ जमा हो गई। एक्टर ने बप्पा के दर्शन किए और हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
पूजा ददलानी के दुपट्टे से चेहरा पोंछते दिखे शाहरुख
हालांकि, शाहरुख के इस दौरे का एक वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया है। वायरल क्लिप में एक्टर पूजा ददलानी के दुपट्टे से अपना चेहरा पोंछते हुए नजर आ रहे हैं। उस समय गौरी खान और सुहाना खान भी उनके पास खड़ी दिखाई देती हैं। शाहरुख का यह बिल्कुल सहज और अनौपचारिक अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार कमेंट्स आने लगे।
ये भी पढ़ें: बार-बार सिरदर्द होना नहीं Normal, इन वजहों से हो सकती है परेशानी
फैंस बोले- पूजा परिवार जैसी हैं
वीडियो पर कई यूजर्स ने शाहरुख और पूजा ददलानी के बीच की बॉन्डिंग की तारीफ की। एक यूजर ने इसे ‘क्यूट मोमेंट’ बताया, तो वहीं कुछ लोगों का कहना था कि पूजा ददलानी शाहरुख के लिए परिवार के सदस्य जैसी हैं। शाहरुख का यह छोटा-सा पल सोशल मीडिया पर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला बन गया है और फैंस इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
‘किंग’ को लेकर भी चर्चा में हैं शाहरुख
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसमें शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभय वर्मा, राघव जुयाल, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है। ऐसे में लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान शाहरुख का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।

